21 अगस्त से 24 सितंबर तक परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण में सामने आई अनधिकृत अनुपस्थिति, जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो नियमानुसार कार्रवाई
बरेली : परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है।जिले में करीब एक महीने तक चले विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान 117 शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और अन्य कर्मचारी बिना अनुमति अनुपस्थित पाए गए। अब जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।बीएसए कार्यालय के अनुसार, 21 अगस्त से 24 सितंबर,2026 के बीच जिले के अलग-अलग परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ विभागीय जिला समन्वयकों ने भी निरीक्षण में हिस्सा लिया। निरीक्षण के दौरान जिन शिक्षक -कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज नहीं मिली, उनकी रिपोर्ट तैयार की गई।
117 शिक्षक-कर्मचारी मिले अनुपस्थित
निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर कुल 117 शिक्षक-कर्मचारी अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए। इनमें सहायक अध्यापक,प्रधानाध्यापक,शिक्षामित्र,अनुदेशक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी समेत अन्य कर्मचारी शामिल हैं। विभाग ने अब इन सभी से उनकी अनुपस्थिति का कारण पूछा है। नोटिस मिलने के बाद संबंधित कर्मचारियों को निर्धारित समय के भीतर अपना पक्ष बीएसए कार्यालय के सामने रखना होगा।
तीन कार्यदिवस में देना होगा जवाब
बीएसए कार्यालय की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक संबंधित शिक्षक-कर्मचारियों को नोटिस अथवा आदेश प्राप्त होने के तीन कार्यदिवस के भीतर स्पष्टीकरण देना होगा। सिर्फ अनुपस्थिति का कारण बताना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि संबंधित कर्मचारी को अपने दावे के समर्थन में साक्ष्य और अभिलेख भी उपलब्ध कराने होंगे।
16 विकासखंडों में कार्रवाई
इस कार्रवाई का दायरा जिले के कई विकासखंडों तक पहुंचा है।सूची में आलमपुर जाफराबाद, बहेड़ी, बरेली नगर, भदपुरा, भोजीपुरा, भुता, बिथरी चैनपुर, दमखोदा, फरीदपुर, फतेहगंज पश्चिमी, क्यारा, मझगवां, मीरगंज, नवाबगंज, रामनगर और शेरगढ़ समेत विभिन्न क्षेत्रों के शिक्षक-कर्मचारी शामिल हैं। इससे साफ है कि विभाग की कार्रवाई किसी एक क्षेत्र या विद्यालय तक सीमित नहीं है, बल्कि अलग-अलग क्षेत्रों में हुए निरीक्षण की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कर्मचारियों से जवाब मांगा गया है।
खंड शिक्षा अधिकारियों को भी जिम्मेदारी
बीएसए कार्यालय ने सभी संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे संबंधित शिक्षक-कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करें और अपनी संस्तुति के साथ उसे बीएसए कार्यालय भेजें। यानी अब संबंधित कर्मचारियों के जवाब और उनके द्वारा उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की विभागीय प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
जवाब नहीं दिय, तो होगी कार्रवाई
बीएसए कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में स्पष्टीकरण नहीं देने या दिया गया जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने की स्थिति में संबंधित शिक्षक-कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।।फिलहाल विभाग की ओर से 117 शिक्षक-कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। अंतिम विभागीय कार्रवाई संबंधित कर्मचारियों के जवाब और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद तय होगी।
