लखनऊ/मेरठ : यूपी के मेरठ जिले में रविवार सुबह धरती हिलने से लोग सहम गए। सुबह 8 बजकर 44 मिनट पर भूकंप के हल्के झटकों ने कुछ सेकंड के लिए हड़कंप मचा दिया। भूकंप की तीव्रता 2.7 मैग्नीट्यूड रिकॉर्ड की गई। जिसका केंद्र मेरठ में ही धरती की सतह से 5 किलोमीटर नीचे रहा। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र 28.87°N अक्षांश और 77.96°E देशांतर पर रहा। गहराई कम होने के चलते झटके ज्यादा तीव्र महसूस किए गए। खासकर बहुमंजिला इमारतों में रहने वाले लोगों को। कई इलाकों में लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
हाईराइज बिल्डिंग्स में ज्यादा महसूस हुए झटके
मेरठ के शास्त्रीनगर, गंगानगर, परतापुर, रोहटा रोड, जागृति विहार और पल्लवपुरम जैसे क्षेत्रों में लोगों ने भूकंप के झटके स्पष्ट रूप से महसूस किए। खासकर बहुमंजिला इमारतों (हाईराइज फ्लैट्स) में हल्का कंपन होने से लोग तुरंत बाहर आ गए। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर इस अनुभव को साझा किया।
सोशल मीडिया पर भी आया रिएक्शन
भूकंप के बाद ट्विटर (अब एक्स), फेसबुक और व्हाट्सएप ग्रुप्स पर लोगों ने इसे लेकर चिंता जताई। कुछ लोगों ने हल्के कंपन को नजरअंदाज किया, लेकिन कई यूज़र्स ने पुष्टि की कि उन्होंने झटके महसूस किए हैं।
आसपास के जिलों में भी झटके
हालांकि, भूकंप का केंद्र मेरठ ही रहा, लेकिन गाजियाबाद, बागपत और मुजफ्फरनगर जैसे आसपास के जिलों में भी हल्के झटके महसूस किए गए। वहां भी लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और किसी आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करें।
भविष्य को लेकर चेतावनी नहीं, लेकिन सतर्क रहने की सलाह
भूकंप की तीव्रता कम थी। इसलिए यह किसी बड़े खतरे की ओर संकेत नहीं करता। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि गहराई केवल 5 किमी होने के कारण झटके सतह पर ज्यादा महसूस हुए। NCS ने स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है।
![]()
