छात्रों के बीच सपा प्रमुख की नई रणनीति, UP के विश्वविद्यालयों में PDA सदस्यता अभियान शुरू, पीडीए को एकजुट कर भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का दावा
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। सपा मुख्यालय के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के भविष्य और आने वाली पीढ़ी की खुशहाली के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना लोकतंत्र के हित में है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था चौपट है और भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार की हद हो गई है।
भाजपा को सत्ता से हटाना ही एकमात्र उपाय
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए को एकजुट करके उत्तर प्रदेश से भाजपा सरकार को हटाने के लिए संकल्पित है। उनके मुताबिक भाजपा सरकार नई योजनाएं लागू करने में सफल नहीं हो सकी और दिखावे के लिए भी उसके पास समाजवादी सरकार के समय के काम ही हैं।उन्होंने हाल में लखनऊ आए जापानी प्रतिनिधिमंडल का जिक्र करते हुए कहा कि उसे वूमेन पावर डायल-1090 दिखाया गया। इसे महिला सुरक्षा के लिए समाजवादी सरकार के समय बनाया गया था।
महिला अपराध, रोजगार और स्वास्थ्य को लेकर निशाना
पूर्व सीएम ने भाजपा पर नफरत की राजनीति और समाज को बांटने की साजिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महिला अपराध, फर्जी एनकाउंटर और पुलिस हिरासत में मौतों को लेकर प्रदेश की स्थिति चिंताजनक है। अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाओं के साथ अपराध हो रहे हैं, बच्चियों के साथ दरिंदगी की घटनाएं सामने आ रही हैं और नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य, पेयजल और शिक्षा के मुद्दों को भी उठाते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए।
2027 में भाजपा का सूपड़ा साफ होना तय
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए समाज को बांटने और नफरत फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के अब कुछ ही दिन बचे हैं और 2027 में उसका सूपड़ा साफ होना तय है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए और जनता के सहयोग से भाजपा सरकार को सत्ता से हटाकर संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए संकल्पित है।
विश्वविद्यालयों में PDA सदस्यता अभियान शुरू
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी छात्र सभा ने 15 सितंबर 2026 से पूरे उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्र-नौजवान पीडीए जागरूकता अभियान के तहत सदस्यता अभियान शुरू किया। समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष इंजी. विनीत कुशवाहा ने लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रों को सदस्य बनाकर अभियान की शुरुआत की। सपा के मुताबिक अभियान के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-नौजवानों ने सदस्यता ली। सदस्यता लेने वाले छात्रों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में छात्र फीस वृद्धि, पेपर लीक और बेरोजगारी जैसी समस्याओं से परेशान हैं।
प्रतियोगी छात्रों ने UPSSSC भर्तियों में वेटिंग लिस्ट की उठाई मांग
वहीं, प्रतियोगी छात्रों और अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने अखिलेश यादव से मुलाकात कर यूपीएसएसएससी की सभी PET आधारित भर्तियों में प्रतीक्षा सूची लागू करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों का कहना है कि चयन के बाद कई उम्मीदवार दूसरी परीक्षा या बेहतर पद पर चयनित होने के कारण संबंधित पद पर कार्यभार ग्रहण नहीं करते। इससे विज्ञापित पद खाली रह जाते हैं, जबकि योग्य अभ्यर्थी चयन की प्रतीक्षा करते रहते हैं। ज्ञापन में पारदर्शी प्रतीक्षा सूची जारी करने,उसे एक से दो वर्ष तक वैध रखने और दस्तावेज सत्यापन व पद आवंटन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की गई है, ताकि चयन के बाद पद खाली न रहें।
एलोपैथिक फार्मेसिस्ट अभ्यर्थियों ने 200 से ज्यादा पद बढ़ाने की रखी मांग
एलोपैथिक फार्मेसिस्ट अभ्यर्थियों ने भी अखिलेश यादव को ज्ञापन देकर भर्ती प्रक्रिया में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग की।अभ्यर्थियों के मुताबिक 17 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद भर्त प्रक्रिया शुरू हुई है, लेकिन 564 पदों पर ही भर्ती निकाली गई है।अभ्यर्थियों ने स्वास्थ्य विभाग में रिक्त 200 से अधिक पदों को इसी भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने की मांग रखी, ताकि ज्यादा योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर मिल सके। अखिलेश यादव ने अभ्यर्थियों से कहा कि भाजपा सरकार से कोई उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार बदलने पर समाजवादी सरकार इन मांगों को पूरा करेगी।
इंजीनियर दिवस पर अखिलेश से मिले इंजीनियर
भारतीय अभियंता दिवस के अवसर पर भी कई इंजीनियरों ने सपा मुख्यालय में अखिलेश यादव से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। इस दौरान इंजी. अरविंद यादव, इंजी. तेज शंकर अवस्थी, इंजी. मधुर यादव, इंजी. विनय यादव, इंजी. हिमांशु द्विवेदी, दिनेश गौतम, अवनेन्द्र यादव और इंजी. सुल्तान समेत अन्य लोग मौजूद रहे। अखिलेश यादव ने इंजीनियर दिवस की बधाई देते हुए कहा कि इंजीनियर आधुनिक सभ्यता की रीढ़ हैं और राष्ट्र निर्माण तथा मानव कल्याण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
