बरेली : गणेश चतुर्थी के दिन के शहर के किला थाना क्षेत्र स्थित रेती मोहल्ले में मंदिर निर्माण को लेकर विवाद के बाद हंगामा हो गया। आरोप है कि मंदिर में चल रहे पूजा-पाठ और निर्माण कार्य को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद मारपीट और पथराव की घटना हुई। इस मामले में मोहल्ले के लोगों की शिकायत पर किला थाना पुलिस ने पांच नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना में कुछ लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, इंस्पेक्टर किला ने The justice Hindi को बताया कि बारिश के दौरान मंदिर में पानी भर गया था। इसलिए कुछ लोगों ने निर्माण कराया था। जिससे रास्ता बंद हो गया, और बाइक न निकल सके। इसको लेकर एंगल लगा दिए। रास्ता बंद होने को लेकर कुछ लोगों ने विरोध किया था। जिसके चलते कहासुनी हो गई थी। इसमें मारपीट की भी बात सामने आई है। दोनों पक्ष एक ही समुदाय के हैं। मौके पर पहुंचकर मामले को शांत करा दिया गया है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिली है। इस पर मुकदमा दर्ज की तैयारी चल रही है।
“मंदिर का निर्माण नहीं होने देंगे” कहने का आरोप
शिकायतकर्ता प्रदीप गुप्ता उर्फ रिंकू के अनुसार, वह मोहल्ले के मंदिर की साफ-सफाई और देखरेख से जुड़े हैं। गणेश चतुर्थी के दिन मंदिर में पूजा-पाठ चल रहा था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि इसी दौरान मोहल्ले के कुछ लोग लाठी-डंडे और लोहे की सरिया लेकर मंदिर पहुंचे और वहां तोड़फोड़ करने लगे। विरोध करने पर कथित रूप से मारपीट शुरू हो गई।शिकायतकर्ता के मुताबिक, मंदिर परिसर में निर्माण कार्य चल रहा था और कुछ लोग पिछले कई दिनों से इसका विरोध कर रहे थे। आरोप है कि निर्माण कार्य बंद कराने को लेकर पहले भी आपत्ति और धमकी दी जा रही थी।
पूजा कर रहे लोगों से मारपीट का आरोप
शिकायत के अनुसार, विरोध करने पर मारपीट हुई। जिसमें मंदिर में पूजा कर रहीं राममूर्ति और शिकायतकर्ता प्रदीप गुप्ता के घायल होने की बात कही गई है। इसके बाद विवाद बढ़ने पर पथराव का भी आरोप लगाया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना के बाद आरोपी अपने घर में चले गए और वहां से अन्य लोगों को बुलाने का प्रयास किया गया। हालांकि, घटना से जुड़े आरोपों और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
इस मामले में मोहल्ले वालों की शिकायत पर किला थाने में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, कथित मारपीट, तोड़फोड़ और पथराव की घटना की जांच कर रही है। जांच के दौरान दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गणेश पूजा के दिन हुई घटना से इलाके में तनाव
गणेश चतुर्थी के दिन मंदिर परिसर में हुए विवाद के बाद रेती मोहल्ले में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पुलिस द्वारा मामले में FIR दर्ज किए जाने के बाद अब जांच आगे बढ़ाई जा रही है। यह मामला मंदिर परिसर में चल रहे कथित निर्माण कार्य को लेकर शुरू हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा कि घटना के दौरान क्या हुआ और मारपीट व पथराव में किन लोगों की क्या भूमिका रही।
