बरेली : रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के गाजियाबाद जंक्शन यार्ड में विद्युत संपर्क तार बदलने के कार्य के चलते 17, 19 और 21 सितंबर को रेल ब्लॉक लिया जाएगा। इस ब्लॉक का असर मुरादाबाद मंडल से होकर चलने वाली कई ट्रेनों के संचालन पर पड़ेगा। गाजियाबाद, महरौली और चिपियाना बुजुर्ग रेलखंड पर होने वाले इस कार्य के चलते बरेली-दिल्ली पैसेंजर समेत 11 ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि सफर से पहले अपनी ट्रेन का समय और संचालन स्थिति जरूर जांच लें।
बरेली-दिल्ली पैसेंजर कई दिन निरस्त
मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम महेश यादव के मुताबिक ट्रेन संख्या 54075 बरेली जंक्शन-दिल्ली जंक्शन पैसेंजर 16, 18 और 20 सितंबर को निरस्त रहेगी। वहीं ट्रेन संख्या 54076 दिल्ली जंक्शन-बरेली जंक्शन पैसेंजर 17,19 और 21 सितंबर को निरस्त रहेगी। इसका मतलब है कि इन तारीखों पर बरेली और दिल्ली के बीच इस पैसेंजर ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था करनी होगी।
कुछ ट्रेनों का बदलेगा रूट
ब्लॉक के कारण कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। ट्रेन संख्या 13065 हावड़ा-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस 17 सितंबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी। इसके अलावा 04013 लौकहा बाजार-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस 15, 17 और 19 सितंबर को परिवर्तित मार्ग मुरादाबाद, लक्सर, रुड़की, टपरी, मेरठ सिटी और गाजियाबाद से चलाई जाएगी।
कई ट्रेनें देरी से चलेंगी
ट्रेन संख्या 15092 टनकपुर -दौराई एक्सप्रेस 16, 18 और 20 सितंबर को टनकपुर से अपने निर्धारित समय से 90 मिनट की देरी से चलेगी। इसका प्रस्थान समय रात 7 बजकर 50 मिनट निर्धारित किया गया है। वहीं 15014 काठगोदाम -जैसलमेर एक्सप्रेस भी 16, 18 और 20 सितंबर को 70 मिनट की देरी से चलेगी।
इन ट्रेनों के समय में भी बदलाव
इसके अलावा कई अन्य ट्रेनों को नियंत्रित या देरी से चलाया जाएगा। 14205 अयोध्या कैंट-दिल्ली जंक्शन एक्सप्रेस 16, 18 और 20 सितंबर को 50 मिनट की देरी से चलेगी। 12391 राजगीर-नई दिल्ली एक्सप्रेस 16, 18 और 20 सितंबर को 40 मिनट की देरी से चलेगी। 14015 रक्सौल जंक्शन-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस 15 सितंबर को 25 मिनट की देरी से चलाई जाएगी।इसी तरह 14017 रक्सौल जंक्शन-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस 17 सितंबर को 25 मिनट की देरी से चलेगी। वहीं 14013 सुल्तानपुर जंक्शन -आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस को 20 सितंबर को 25 मिनट नियंत्रित कर चलाया जाएगा।
यात्रियों के लिए जरूरी सूचना
रेलवे के इस ब्लॉक का सबसे सीधा असर बरेली-दिल्ली रूट के यात्रियों पर पड़ेगा। खासतौर पर बरेली-दिल्ली पैसेंजर के निरस्त रहने के कारण यात्रियों को इन तारीखों पर यात्रा की वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी। यात्रियों को सलाह है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन की रनिंग स्टेटस, समय और रूट की जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यम से जरूर जांच लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद परेशानी का सामना न करना पड़े।
