अगले सप्ताह तक परीक्षा फॉर्म की तिथि जारी होने की संभावना, 10 नवंबर तक प्रैक्टिकल कराने के निर्देश, परिणाम की गड़बड़ियों से भी छात्र परेशान
बरेली : महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र को पटरी पर लाने की तैयारी तेज कर दी है विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक के प्रथम, तृतीय और पांचवें सेमेस्टर की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं 12 नवंबर 2026 से कराने की तैयारी है। इसके लिए संबद्ध महाविद्यालयों को 10 नवंबर तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।विश्वविद्यालय के शैक्षणिक कैलेंडर 2026-27 के अनुसार कॉलेजों को समय से विद्यार्थियों का पाठ्यक्रम पूरा कराने और नियमित कक्षाओं की प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। जिन विद्यार्थियों का पाठ्यक्रम निर्धारित समय तक पूरा नहीं हो पाया है, उनके लिए कॉलेज अपने स्तर से अतिरिक्त कक्षाएं संचालित कर सकते हैं।
अगले सप्ताह तक परीक्षा फॉर्म की तिथि
विषम सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए परीक्षा आवेदन की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है।उपलब्ध जानकारी के अनुसार परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि को लेकर अगले सप्ताह तक आधिकारिक नोटिस जारी किया जा सकता है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल कुमार यादव ने महाविद्यालयों से कहा है कि सेमेस्टर परीक्षाओं से पहले विद्यार्थियों का शिक्षण कार्य पूरी तरह पूरा कराया जाए।आवश्यकता पड़ने पर प्राचार्य अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन कर शेष पाठ्यक्रम को समयबद्ध तरीके से पूरा कराएं।
अगस्त तक चली प्रवेश प्रक्रिया, अब परीक्षा की तैयारी
विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक और परास्नातक प्रथम सेमेस्टर की प्रवेश प्रक्रिया अगस्त के अंत तक चली। ऐसे में अगस्त के अंतिम चरण में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के सामने पाठ्यक्रम पूरा करने की चुनौती बनी हुई है।जल्दी प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की कक्षाएं अपेक्षाकृत पहले शुरू हो गई थीं, जबकि अगस्त के अंत में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए कम समय मिला। इसी को देखते हुए विश्वविद्यालय ने कॉलेजों को आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कक्षाएं लगाने का सुझाव दिया है, ताकि परीक्षा से पहले विद्यार्थियों का पाठ्यक्रम पूरा कराया जा सके।
बरेली कॉलेज में परिणाम की गड़बड़ियों से छात्र परेशान
बरेली कॉलेज में स्नातक तृतीय सेमेस्टर की प्रवेश प्रक्रिया के बीच कई विद्यार्थियों को परिणाम संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार कुछ विद्यार्थियों के परिणाम में बैक पेपर, कुछ के आंतरिक मूल्यांकन के अंक अपडेट न होने और कुछ विद्यार्थियों के परीक्षा देने के बावजूद पोर्टल पर अनुपस्थित दिखने की शिकायतें सामने आई हैं। मुख्य प्रवेश नियंत्रक प्रो. वंदना शर्मा के अनुसार प्रतिदिन करीब 10 विद्यार्थी परिणाम संबंधी किसी न किसी समस्या को लेकर संपर्क कर रहे हैं। गुरुवार को कॉलेज में 87 विद्यार्थियों ने ऑफलाइन माध्यम से प्रवेश शुल्क जमा कर अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूरी की।
प्रमाण के साथ प्रवेश समिति से संपर्क की अपील
कॉलेज प्रशासन की ओर से परिणाम में त्रुटि वाले विद्यार्थियों से संबंधित प्रमाणों के साथ प्रवेश समिति से संपर्क करने को कहा गया है। समिति दस्तावेजों की जांच के बाद संबंधित मामलों को विश्वविद्यालय स्तर पर समाधान के लिए भेज रही है। कॉलेज प्रशासन का प्रयास है कि परिणाम संबंधी तकनीकी या अन्य त्रुटियों के कारण किसी विद्यार्थी का प्रवेश और शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो।
