सपा प्रमुख बोले, 2027 में बनेगी सपा सरकार, हर नौजवान को मिलेगा हक
लखनऊ : सपा प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार नौजवान विरोधी है। जिसने युवाओं को बार-बार झूठे वादों और जुमलों से ठगा है। अखिलेश यादव ने कहा कि न तो केंद्र और न ही प्रदेश की भाजपा सरकार नौजवानों को रोजगार दे पाई है, बल्कि युवाओं को भ्रमित कर भावनात्मक रूप से छलने का काम किया है।
भाजपा का हर साल 2 करोड़ नौकरी का वादा जुमला
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा को ‘सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाली पार्टी’ बताते हुए कहा कि जब भाजपा सत्ता में आई थी, तो हर साल 2 करोड़ नौकरियों का वादा किया गया था। लेकिन अब तक केंद्र में 11 और उत्तर प्रदेश में 8 साल की सरकारें चलने के बाद भी वह वादा एक छलावा बनकर रह गया। उन्होंने कहा, “युवाओं के सपनों के साथ धोखा करने वाली सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के हर मोर्चे पर नाकामी का रिकॉर्ड कायम किया है।”
7 साल से नहीं निकली प्राथमिक शिक्षक भर्ती, नौजवान सड़कों पर
सपा अध्यक्ष ने कहा कि यूपी की भाजपा सरकार ने 7 वर्षों से डीएलएड प्रशिक्षित युवाओं की भर्ती नहीं निकाली, जिससे हजारों युवाओं को मजबूर होकर प्रयागराज में ‘महाधरना’ देना पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नजर में प्राथमिक शिक्षा कोई प्राथमिकता नहीं है।
1.93 लाख शिक्षक भर्ती का झूठा ऐलान भी उजागर
हाल ही में भाजपा सरकार द्वारा प्रचारित की गई 1 लाख 93 हजार शिक्षकों की भर्ती की घोषणा को भी अखिलेश यादव ने चुनावी ‘शिगूफा’ करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहले अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर यह दावा किया, लेकिन कुछ देर बाद उसे हटा लिया गया, जिससे साबित हो गया कि यह भी महज एक चुनावी जुमला था।
इन्वेस्टर्स समिट सिर्फ शो, जमीनी सच्चाई कुछ नहीं
भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इन्वेस्टर्स समिट के नाम पर बड़े-बड़े उद्योगपतियों को बुलाया गया, युवाओं को लाखों नौकरियों के सपने दिखाए गए, लेकिन न कोई फैक्ट्री लगी, न कोई रोजगार मिला।
2027 में बनेगी सपा सरकार, सबको मिलेगा रोजगार
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भरोसा दिलाया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाकर नौजवानों, किसानों, मजदूरों और व्यापारियों की हर उम्मीद को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा से अब जनता पूरी तरह निराश हो चुकी है और उम्मीद की किरण सिर्फ समाजवादी पार्टी ही बची है।
![]()
