लखनऊ/सहारनपुर : रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक खौफनाक मामला उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से सामने आया है, जहाँ एक दादी ने अपनी ही 5 महीने की पोती की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। इस जघन्य अपराध में दादा और बुआ भी शामिल पाए गए। वजह सिर्फ इतनी थी कि वे अपनी बहू को फंसाना चाहते थे। यह घटना न सिर्फ मानवता को शर्मसार करती है, बल्कि पारिवारिक रिश्तों में पनप रही जहरीली सोच का भी भयानक चेहरा उजागर करती है।
जानें पूरा मामला?

यह घटना सहारनपुर जिले के थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के एक गांव की है। बुधवार रात परिवार में सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन अचानक 5 महीने की बच्ची की चीख से घर गूंज उठा, जब लोग दौड़े तो देखा कि बच्ची का गला ब्लेड से रेत दिया गया था। बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही गागलहेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत जांच शुरू की।
पुलिस की पूछताछ में उगला जुर्म
प्रारंभिक जांच में दादी सरिता, दादा और बुआ की गतिविधियाँ संदिग्ध पाई गईं, जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो तीनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। दादी सरिता ने पोती की हत्या ब्लेड से गला रेतकर की। वह नहीं चाहती थी कि उसका बेटा और बहू साथ रहें। वह बहू को जेल भिजवाने की साजिश रच रही थी। दादा और बुआ ने इस हृदयविदारक साजिश में दादी का साथ दिया।
यह बोले एसएसपी
एसएसपी रोहित सजवान ने मीडिया को बताया कि “यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। दादी ने अपनी पोती को सिर्फ इसलिए मार डाला, ताकि वह अपनी बहू को झूठे केस में फंसा सके। यह पारिवारिक झगड़े की चरम परिणति है।”
दादा, दादी और बुआ गिरफ्तार
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त ब्लेड और अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए गए हैं। जांच की जा रही है कि क्या इस साजिश में और भी कोई शामिल था। इस जघन्य हत्याकांड ने पूरे गागलहेड़ी थाना क्षेत्र को दहला दिया है। गांव वालों में गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि “जो लोग अपनों की जान लेकर साजिश रचते हैं, ऐसे हैवानों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए, ताकि कोई और दादी ‘हत्यारिन’ न बने।”
![]()
