त्योहार पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने चलाई अनारक्षित विशेष एक्सप्रेस, 4 और 5 सितंबर को एक-एक फेरे में होगा संचालन
बरेली : जन्माष्टमी पर्व पर मथुरा जाने वाले यात्रियों के लिए पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर मंडल ने विशेष व्यवस्था की है। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए कासगंज-मथुरा छावनी-कासगंज के बीच एक जोड़ी अनारक्षित एक्सप्रेस विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। विशेष ट्रेन संख्या 05309/05310 का संचालन एक-एक ट्रिप के लिए किया जाएगा।
आज रात कासगंज से रवाना होगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 05309 कासगंज-मथुरा छावनी विशेष एक्सप्रेस 4 सितंबर 2026 की रात 10:00 बजे कासगंज रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। ट्रेन रास्ते में सिकंदरा राव, हाथरस रोड हाल्ट और हाथरस सिटी स्टेशनों पर ठहरते हुए अगले दिन 5 सितंबर की रात 00:25 बजे मथुरा छावनी पहुंचेगी।
वापसी में रात 2:20 बजे चलेगी ट्रेन
वापसी में गाड़ी संख्या 05310 मथुरा छावनी-कासगंज विशेष एक्सप्रेस 5 सितंबर 2026 को रात 2:20 बजे मथुरा छावनी से रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन हाथरस सिटी 2:58 बजे, हाथरस रोड हाल्ट 3:07 बजे और सिकंदरा राव 3:39 बजे पहुंचेगी।ट्रेन सुबह 4:10 बजे कासगंज रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
ट्रेन का पूरा शेड्यूल ट्रेन
05309 कासगंज-मथुरा कासगंज से रात 10:00 बजे चलकर, सिकंदरा राव 10:34 बजे, हाथरस रोड हाल्ट 10:55 बजे, हाथरस सिटी 11:07 बजे, मथुरा छावनी आगमन रात 12:25 बजे। इसी तरह से 05310 मथुरा-कासगंज मथुरा छावनी प्रस्थान रात 2:20 बजे चलकर हाथरस सिटी 2:58 बजे, हाथरस रोड हाल्ट 3:07 बजे, सिकंदरा राव 3:39 बजे, कासगंज आगमन सुबह 4:10 बजे होगी।
जन्माष्टमी पर यात्रियों को मिलेगी राहत
जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है। ऐसे में अतिरिक्त यात्रियों की सुविधा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यह विशेष ट्रेन संचालित करने का फैसला लिया है। यह ट्रेन अनारक्षित होगी, जिससे यात्री सामान्य श्रेणी में यात्रा कर सकेंगे। रेल प्रशासन ने त्योहार के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक अतिरिक्त व्यवस्थाएं किए जाने की भी जानकारी दी है।
