सड़क चौड़ीकरण की जद में दुकान, मकान, अस्पताल और धार्मिक स्थल भी,खुद अतिक्रमण हटाने का समय, नहीं हटाया तो प्रशासन करेगा कार्रवाई
बरेली: शहर में सड़क चौड़ीकरण और सुंदरीकरण की तैयारियों के बीच स्टेडियम रोड के आसपास रहने वाले लोगों और कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। नगर निगम की ओर से 140 से ज्यादा मकान-दुकानों समेत अन्य निर्माणों को नोटिस जारी किए गए हैं। संबंधित लोगों को खुद अतिक्रमण हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। तय अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जा सकती है।
8 से 20 फीट तक अतिक्रमण की जद
शहर के स्टेडियम रोड पर सड़क चौड़ीकरण के लिए कई निर्माणों पर अतिक्रमण का निशान लगाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, अलग-अलग स्थानों पर करीब 8 फीट से लेकर 20 फीट तक का हिस्सा सड़क चौड़ीकरण की जद में बताया गया है। प्रभावित। निर्माणों में दुकान और मकान के अलावा अस्पताल और धार्मिक स्थल भी शामिल बताए जा रहे हैं।
200 से ज्यादा अतिक्रमण चिन्हित
नगर आयुक्त के अनुसार, स्टेडियम रोड और योजना से जुड़े क्षेत्रों में 200 से अधिक अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। इनमें से 140 से ज्यादा लोगों को नोटिस दिए जा चुके हैं, जबकि अन्य को नोटिस देने की प्रक्रिया चल रही है। नगर निगम की ओर से संबंधित लोगों को निर्धारित समय में खुद अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, यदि लोग स्वयं अतिक्रमण हटा लेते हैं तो प्रशासन को अलग से बुलडोजर कार्रवाई नहीं करनी पड़ेगी।
सड़क चौड़ीकरण के साथ सुंदरीकरण
अधिकारियों के अनुसार, सीएम ग्रिड योजना के तहत बरेली में सड़क चौड़ीकरण के साथ सुंदरीकरण और लाइटिंग का काम भी प्रस्तावित है। योजना के तीसरे चरण में स्टेडियम रोड को भी शामिल किया गया है। सड़क के चौड़ीकरण में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई इसी योजना के तहत प्रस्तावित है।
नोटिस के बाद दुकानदारों की बढ़ी चिंता
नोटिस मिलने के बाद स्थानीय दुकानदारों और मकान मालिकों की चिंता बढ़ गई है। कारोबारियों का कहना है कि उनकी रोजी -रोटी इन्हीं दुकानों पर निर्भर है।कई लोगों का दावा है कि उन्होंने वर्षों की मेहनत और जमा पूंजी लगाकर कारोबार खड़ा किया है।वहीं, जिन मकानों का हिस्सा सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहा है, उनके सामने रहने की समस्या भी खड़ी हो सकती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई से पहले उनकी स्थिति और समस्याओं पर विचार करने की मांग की है।
15 दिन बाद हो सकती है कार्रवाई
नगर निगम के मुताबिक, नोटिस पाने वाले लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए समय दिया गया है। यदि निर्धारित अवधि के बाद भी संबंधित निर्माण नहीं हटाए जाते हैं तो प्रशासन की ओर से उन्हें हटाने की कार्रवाई की जा सकती है। कार्रवाई के दौरान होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होने की बात भी अधिकारियों ने कही है।
नैनीताल रोड पर पहले भी हुई थी कार्रवाई
बरेली में सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पहले भी हो चुकी है।इससे पहले प्रेमनगर थाना क्षेत्र के नैनीताल रोड पर सीएम ग्रिड योजना के तहत अतिक्रमण हटाया गया था। अब स्टेडियम रोड पर नोटिस जारी होने के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर है। फिलहाल, 140 से ज्यादा संपत्तियों को नोटिस दिया जा चुका है, जबकि कुल 200 से अधिक अतिक्रमण चिन्हित किए जाने की बात सामने आई है। अगले 15 दिनों में यह साफ होगा कि कितने लोग स्वयं अतिक्रमण हटाते हैं और किन स्थानों पर प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ती है।
