बदायूं से दिल्ली जा रही थी कार, तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर पलटी; एक युवक घायल
हापुड़: जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र में रविवार देर रात गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही सिंभावली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिखेड़ा भेजा।
तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हुई कार
जानकारी के मुताबिक रविवार देर रात करीब एक बजे बदायूं से दिल्ली जा रही थार गंगा एक्सप्रेसवे पर अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार के कारण कार सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर सिंभावली थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने कार में सवार सभी लोगों को बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिखेड़ा भेजा।
चार युवकों को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
चिकित्सकों ने जोगिंदर पुत्र झाझन सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी पालपुर थाना बिल्सी, जिला बदायूं, सुखबीर पुत्र होती लाल, उम्र 25 वर्ष, निवासी मेवली थाना उघैती, जिला बदायूं, जसवंत पुत्र होती लाल, उम्र 20 वर्ष, निवासी मेवली थाना उघैती, जिला बदायूं और रवि पुत्र करण सिंह, उम्र 20 वर्ष, निवासी पुरदलपुर थाना इस्लामनगर, जिला बदायूं को मृत घोषित कर दिया। वहीं कार में सवार 17 वर्षीय विष्णु निवासी पालपुर थाना बिल्सी को हादसे में हल्की चोटें आई हैं। उसका उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस ने परिजनों को दी सूचना
हादसे की जानकारी पुलिस ने मृतकों और घायल के परिजनों को दे दी है। चार युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार को गंगा एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
