मुरादाबाद-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीछे से मारी टक्कर, रामपुर अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे दोनों; हादसे के बाद चालक फरार
मुरादाबाद: मुरादाबाद में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। मुरादाबाद-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुंढापांडे थाना क्षेत्र में सिहोरा बाजे बाकर अस्पताल के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पिता-पुत्र को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पहले बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पिता ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, मुरादाबाद निवासी पिता-पुत्र बाइक से रामपुर जा रहे थे। दोनों रामपुर में रिश्तेदारी में होने वाले अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि रात करीब साढ़े 11 बजे उनकी बाइक सिहोरा बाजे बाकर अस्पताल के पास पहुंची थी। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार 23 वर्षीय प्रकाश राघव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। वहीं प्रकाश के पिता प्रकाश उर्फ मोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल पिता को दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
एक ही हादसे में पिता-पुत्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू की।
हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की वजह और फरार वाहन चालक के बारे में पुलिस की जांच जारी है।