नई दिल्ली : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधते हुए देश की मौजूदा राजनीति को दो विचारधाराओं के बीच की लड़ाई बताया। राहुल गांधी ने कहा कि देश में आज भी संविधान और RSS की विचारधारा के बीच संघर्ष चल रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान डॉ. भीमराव अंबेडकर, महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल की विचारधारा का प्रतिनिधित्व करता है। राहुल गांधी ने दावा किया कि देश में मौजूदा राजनीतिक संघर्ष को इसी वैचारिक टकराव के रूप में देखा जाना चाहिए।
‘दलितों के साथ अत्याचार आज तक खत्म नहीं हुआ’
राहुल गांधी ने दलितों के साथ होने वाले कथित भेदभाव और अत्याचार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि दशकों से दलितों के साथ अन्याय और भेदभाव होता आया है और यह स्थिति आज भी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। राहुल गांधी ने दावा किया कि कई जगहों पर चाय की दुकानों पर दलितों के लिए अलग कप रखे जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शादी में दलितों के घोड़े पर बैठने पर मारपीट की घटनाएं सामने आती हैं और स्कूलों में दलित बच्चों से सफाई कराने जैसी घटनाएं भी होती हैं कांग्रेस नेता ने BJP पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी दलितों को आगे बढ़ते हुए नहीं देखना चाहती। उन्होंने कहा कि कोई दलित जितना सफल होता है, उसके खिलाफ उतना ही बड़ा प्रहार किया जाता है।
हल्द्वानी में ‘शुद्धिकरण हवन’ को लेकर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने 8 अगस्त 2026 को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा हल्द्वानी के रामलीला मैदान में की गई जनसभा का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि जनसभा के दो दिन बाद श्री राम सेना के सदस्यों ने कथित तौर पर उसी स्थान पर ‘शुद्धिकरण हवन’ किया। राहुल गांधी ने इस मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ हुए कथित अपमान के मामले में उन्हें न्याय मिलना चाहिए।
राहुल बोले- ‘शुद्धिकरण भी छुआछूत का दूसरा रूप’
राहुल गांधी ने शुद्धिकरण की घटनाओं को छुआछूत से जोड़ते हुए BJP और RSS पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संविधान और देश के लिए अपना जीवन लगाया है, ऐसे व्यक्ति के कार्यक्रम स्थल का कथित शुद्धिकरण किया जाना गलत है उन्होंने दावा किया कि शुद्धिकरण असल में छुआछूत का ही दूसरा रूप है और छुआछूत भारतीय संविधान के तहत अपराध है। राहुल गांधी ने कहा कि इस तरह की घटनाओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
भाजपा के नए संगठन को लेकर बोले राहुल- ‘मुझे कोई दिलचस्पी नहीं’
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी से भाजपा के नए संगठन को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें भाजपा के नए या पुराने संगठन में कोई दिलचस्पी नहीं है। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा अपने संगठन में जिसे सामने लाना चाहती है, उसे सामने लाए, इससे कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई किसी व्यक्ति या संगठन से ज्यादा विचारधारा और संविधान को बचाने की है। मल्लिकार्जुन खरगे से जुड़े मामले पर राहुल गांधी ने कहा कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष के कथित अपमान के मामले में न्याय मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि आज नहीं तो कल इस मामले में एफआईआर दर्ज होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस की लड़ाई संविधान, सामाजिक बराबरी और लोकतांत्रिक मूल्यों को लेकर जारी रहेगी।
