पटना : बिहार लोक सेवा आयोग यानी BPSC की 70वीं परीक्षा में कथित अनियमितताओं समेत विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को पटना में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी के नेतृत्व में अधिकार मार्च निकाला गया। गांधी मैदान से शुरू हुआ मार्च जेपी गोलंबर की ओर बढ़ रहा था, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे जाने से रोक दिया। मार्च रोके जाने के बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक की स्थिति बन गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जेपी गोलंबर से आगे जाने की अनुमति नहीं दी। स्थिति को देखते हुए गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
बैरिकेडिंग के बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों में नोकझोंक
अधिकार मार्च में शामिल प्रदर्शनकारी अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में गांधी मैदान से आगे बढ़ रहे थे। जेपी गोलंबर के पास पुलिस ने पहले से बैरिकेडिंग कर रखी थी। प्रदर्शनकारी जब बैरिकेड के पास पहुंचे तो उन्हें रोक दिया गया। बताया गया कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक हुई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बल मौके पर बुलाया। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन कर रहे करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
BPSC 70वीं परीक्षा की न्यायिक जांच की मांग
प्रदर्शनकारियों की सबसे प्रमुख मांग BPSC 70वीं परीक्षा में कथित अनियमितताओं की न्यायिक जांच कराना है। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की मांग की है। इसके साथ ही प्रदर्शनकारी BPSC चेयरमैन के खिलाफ कार्रवाई और परीक्षा से जुड़े मामलों की गंभीरता से जांच कराने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि परीक्षा प्रक्रिया में छात्रों और युवाओं के साथ कथित तौर पर भेदभाव किया गया और गरीब तथा आर्थिक रूप से कमजोर अभ्यर्थियों के मुकाबले अमीर वर्ग को फायदा पहुंचाने वाला रवैया अपनाया गया।
85 फीसदी डोमिसाइल और ऑनलाइन FIR की मांग
अधिकार मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बिहार की सभी भर्तियों में 85 प्रतिशत डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग भी उठाई। इसके अलावा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए ऑनलाइन एफआईआर की व्यवस्था लागू करने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने नगर निकायों में काम करने वाले सफाई कर्मचारियों के वेतन, रोजगार, जीवन स्तर और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग भी रखी। इसके साथ ही बिहार के शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी प्रदर्शन के दौरान उठाई गई।
बोले प्रदर्शनकारी- परीक्षा प्रक्रिया रद्द होने तक जारी रहेगा आंदोलन
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि BPSC परीक्षा को लेकर छात्रों और युवाओं के साथ कथित तौर पर भेदभावपूर्ण व्यवहार किया गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि परीक्षा के परिणामों में भी कथित गड़बड़ी की गई है और जब तक परीक्षा प्रक्रिया को रद्द नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने राजभवन की ओर मार्च करने की बात कही थी, लेकिन जेपी गोलंबर पर पुलिस की बैरिकेडिंग के कारण उन्हें आगे जाने से रोक दिया गया। फिलहाल पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांधी मैदान और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी है। प्रदर्शनकारियों की मांगों और पुलिस कार्रवाई को लेकर आगे की स्थिति पर नजर बनी हुई है।
