डिंपल यादव ने आर्थिक आत्मनिर्भरता और सम्मान को बताया प्राथमिकता, स्त्री सम्मान समृद्धि योजना के जरिए आधी आबादी को साधने की कोशिश
लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने महिलाओं और बेटियों को केंद्र में रखते हुए कई बड़े चुनावी संकल्पों का ऐलान किया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने बुधवार को लखनऊ में महिलाओं से जुड़े प्रस्तावित कार्यक्रमों और योजनाओं की जानकारी दी। सपा ने ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ के तहत प्रदेश की महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये देने का वादा किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि यह आधी आबादी की पूरी आजादी और आर्थिक मजबूती की दिशा में कदम होगा। पार्टी का कहना है कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर देना है। योजना की राशि और पात्रता से जुड़ी विस्तृत शर्तों पर अभी और जानकारी सामने आनी बाकी है।
बेटियों को लैपटॉप देने भी ऐलान
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में जिन विद्यार्थियों को लैपटॉप मिले थे। उनमें से कई आज भी उसका इस्तेमाल कर रहे होंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में इंटरमीडिएट पास करने वाली बेटियों को लैपटॉप देकर आगे बढ़ने का मौका दिया जाएगा। छात्राओं की शिक्षा और डिजिटल सुविधा को लेकर सपा ने इसे अपने प्रमुख संकल्पों में शामिल किया है।
महिला आरक्षण को लेकर भाजपा पर हमला
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि महिला आरक्षण कानून पास हो चुका है तो उसे लागू करने में देरी क्यों की जा रही है। उन्होंने कहा कि इसे अगले चुनाव में लागू किया जाना चाहिए। अखिलेश ने महिलाओं के खिलाफ अपराध और अन्याय के मुद्दे पर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने खुशी दुबे के मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में बेटियों के साथ अन्याय हो रहा है।
26 हजार प्राथमिक स्कूल फिर खोलने का दावा
सपा प्रमुख ने शिक्षा के मुद्दे पर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक स्कूलों को दोबारा शुरू किया जाएगा। यह दावा अखिलेश यादव पहले भी उठा चुके हैं। अगस्त की शुरुआत में उन्होंने आरोप लगाया था कि 2017 के बाद प्रदेश में 26 हजार से अधिक सरकारी प्राथमिक स्कूल बंद हुए हैं।हालांकि,इस दावे को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से आपत्ति और खंडन भी सामने आया है।
महिलाओं की आर्थिक आजादी पर जोर
सांसद डिंपल यादव ने कहा कि महिलाओं को सिर्फ सशक्तिकरण के नारे नहीं, बल्कि वास्तविक सामाजिक और आर्थिक अधिकार मिलने चाहिए। उनके मुताबिक, सम्मान हर महिला का अधिकार है और आर्थिक स्वतंत्रता महिला सशक्तिकरण का अहम आधार है। डिंपल ने कहा कि समाज की ओर से लगाई जाने वाली बंदिशों को तोड़ते हुए महिलाओं और युवाओं को अपने पसंद के क्षेत्र में पूरे पैशन के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
भाजपा के लिए नारी सिर्फ नारा
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के लिए नारी केवल नारा बनकर रह गई है। उन्होंने महिला आरक्षण, महिला सुरक्षा और बेटियों के साथ कथित अन्याय के मुद्दे पर सरकार को घेरा। सपा के इन ऐलानों को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले महिला मतदाताओं को साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, योगी सरकार भी बुधवार को महिलाओं और बेटियों को लेकर कई घोषणाएं कर चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 50 हजार छात्राओं को स्कूटी देने का ऐलान किया है और 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की घोषणा भी की गई है।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
