मसौली क्षेत्र के बांदा-बहराइच मार्ग पर बिंदौरा चौराहे के पास हुआ हादसा, डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार
बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। मसौली थाना क्षेत्र के बांदा-बहराइच मार्ग पर डंपर और कार की जोरदार भिड़ंत में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में आठ साल की हुदा गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा बिंदौरा चौराहे के पास उस समय हुआ, जब कार सड़क पर मुड़ रही थी। इसी दौरान बाराबंकी की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसा होते ही आसपास मौजूद राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया और पुलिस को घटना की सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए बड़ा गांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। मौत की पुष्टि बड़ा गांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. राधेश्याम गौड़ ने की है। वहीं हादसे में घायल आठ वर्षीय हुदा की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार सवार लोग लखनऊ के कमता इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। कार आदर्श नगर, कमता निवासी मोहम्मद शरीफ के नाम पर पंजीकृत बताई जा रही है। पुलिस अब मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों से संपर्क करने में जुटी है।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारण बांदा-बहराइच मार्ग पर कुछ देर के लिए आवागमन भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया और घटना की जांच शुरू कर दी है।