बरेली के सीबीगंज में 26 वर्षीय फैजान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पत्नी ने बताया तनाव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
बरेली : शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र के नवदिया गांव में रविवार सुबह 26 वर्षीय फैजान का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। फैजान ने करीब एक महीने पहले ही जास्मीन से प्रेम विवाह किया था। निकाह के बाद दोनों परिवार से अलग रह रहे थे। शव के सिर से खून निकलने की बात सामने आने के बाद घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्ट रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
सुबह पत्नी की आंख खुली तो फंदे से लटका मिला शव
जास्मीन के अनुसार, शनिवार रात फैजान खाना खाने के बाद सो गया था। रविवार सुबह जब उसकी आंख खुली तो उसने फैजान को कमरे में फंदे से लटका देखा। इस घटना की जानकारी उसने मायके और ससुराल पक्ष के लोगों को दी।सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सिर से खून निकलने पर परिजनों ने जताई आशंका
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने शव के सिर से खून निकलने की बात बताते हुए घटना को लेकर आशंका जताई है। हालांकि अभी पुलिस ने किसी तरह की आशंका की पुष्टि नहीं की है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
प्रेम विवाह के बाद परिवार से दूरी की बात
पत्नी जास्मीन का कहना है कि दोनों ने करीब एक महीने पहले प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से दोनों अलग रह रहे थे। उसका दावा है कि प्रेम विवाह के कारण फैजान के परिवार के कुछ लोग उससे संबंध नहीं रखना चाहते थे और इसी वजह से फैजान तनाव में रहता था। पुलिस इस दावे समेत अन्य परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
निजी अस्पताल में वार्ड ब्वॉय था फैजान
फैजान दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। वह एक निजी अस्पताल में वार्ड ब्वॉय के रूप में काम करता था। बेटे की मौत के बाद मां जीनत निशा का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। सिर से खून निकलने की वजह क्या थी और युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
