बदायूं में पुलिस और लूट के आरोपियों के बीच मुठभेड़, तीन बदमाशों के पैर में लगी गोली; कांस्टेबल घायल
उसावा और हजरतपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने सिद्ध बाबा मंदिर के पास की घेराबंदी, जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपी घायल; तमंचे, कारतूस और लूट का सामान बरामद
बदायूं: जिले में पुलिस का ऑपरेशन लंगड़ा जारी है। उसावा और हजरतपुर पुलिस की संयुक्त टीम की लूट के आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। सिद्ध बाबा मंदिर के पास हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपियों के पैर में गोली लगी। वहीं फायरिंग के दौरान एक कांस्टेबल भी घायल हुआ है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से तमंचे, कारतूस और लूट का सामान बरामद किया गया है।
लूट की वारदात की फिराक में थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, पूरा मामला उसावा थाना क्षेत्र में सिद्ध बाबा मंदिर के पास का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश मंदिर के आसपास लूट की वारदात को अंजाम देने के इरादे से रेकी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही उसावा और हजरतपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई
पुलिस टीम ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से तीनों आरोपी घायल हो गए। तीनों के पैर में गोली लगी है। वहीं आरोपियों की फायरिंग में एक कांस्टेबल के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
18 जुलाई को एक लाख रुपये की लूट का आरोप
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने विगत 18 जुलाई को भैंस बेचकर जा रहे एक व्यक्ति से एक लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस को लंबे समय से इस लूटकांड में शामिल आरोपियों की तलाश थी। मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस ने मामले के खुलासे का दावा किया है।
तमंचे और लूट का सामान बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा लूट की वारदात से संबंधित सामान भी बरामद होने की बात कही गई है। मुठभेड़ में घायल आरोपियों और कांस्टेबल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी अन्य वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं। मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी दातागंज आशोष नाथ सिंह ने पुलिस की कार्रवाई की जानकारी दी है।
