सपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं से बूथ मजबूत करने का किया आह्वान, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और किसान मुद्दों पर सरकार को घेरा, प्रयागराज जलभराव को लेकर भी साधा निशाना
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को सपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेशभर से पहुंचे कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है, कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है और शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि किसान भी परेशान हैं और उन्हें समय पर खाद-बीज उपलब्ध नहीं हो रहा है।
2027 चुनाव को बताया बेहद महत्वपूर्ण
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने के लिए काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जिस प्रत्याशी को तय करेगी, सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर उसे विजयी बनाने के लिए काम करना होगा।
सड़क और एक्सप्रेस-वे को लेकर सरकार पर हमला
सपा प्रमुख ने प्रदेश में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के कारण सरकारी निर्माण प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने लखनऊ -कानपुर एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे का उल्लेख करते हुए सरकार पर निशाना साधा अखिलेश यादव ने दावा किया कि मुरादाबाद में शुरू होने से पहले ही करीब 655 करोड़ रुपये की लागत से बन रही रिंग रोड के धंसने की घटना सामने आई है।उन्होंने इसे सरकारी धन की बर्बादी से जोड़ते हुए भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
जल जीवन मिशन और स्मार्ट सिटी पर भी सवाल
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने जल जीवन मिशन को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न विभागों और योजनाओं में भ्रष्टाचार हो रहा है। स्मार्ट सिटी परियोजनाओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि शहरों में जलभराव की समस्या बनी हुई है और नालों की सफाई तक ठीक से नहीं हुई। उन्होंने गोरखपुर और प्रयागराज में जलभराव का जिक्र करते हुए कहा कि बारिश के बाद लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप था कि भाजपा सरकार में विकास के नाम पर खर्च होने वाला बजट भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है।
‘गड्ढामुक्त’ अभियान पर भी साधा निशाना
सपा अध्यक्ष ने प्रदेश की सड़कों की स्थिति को लेकर सरकार के गड्ढामुक्त अभियान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अभियान के नाम पर हजारों करोड़ रुपये का बजट खर्च होने के बावजूद प्रदेश की सड़कों की स्थिति खराब है। अखिलेश ने कहा कि भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी ने पूरी व्यवस्था को प्रभावित किया है।
प्रयागराज के जलभराव पर सोशल मीडिया पोस्ट से हमला
उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने प्रयागराज में जलभराव को लेकर महाकुंभ के नाम पर हुए विकास कार्यों और खर्च पर सवाल उठाए। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में प्रयागराज को ‘जलराजनगर’ कहने की बात कही और इसे कथित भ्रष्टाचार से जोड़कर सरकार पर हमला बोला। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने भाजपा और पुलिस के बीच कथित मिलीभगत का आरोप लगाते हुए तंज कसा और सरकार की विदाई का दावा किया।
पदक जीतने वाले खिलाड़ियों से मिले अखिलेश
इसी दौरान अखिलेश यादव ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों से भी मुलाकात की। मलेशिया में क्लासिक ताइक्वांडो चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले गाजीपुर के पियूष कुशवाहा से उन्होंने मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और सम्मानित किया। अखिलेश ने भविष्य में हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया। इसके अलावा थाईलैंड के पटाया में आयोजित नवीं हीरोश इंटरनेशनल चैंपियनशिप में भारत के लिए पदक जीतने वाले देवम पासवान और दिलीप कुमार (रजत पदक) तथा सिद्धार्थनगर के बांसी निवासी समर वर्मा (स्वर्ण पदक) ने भी अखिलेश यादव से मुलाकात की। सपा प्रमुख ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
