अवंती बाई लोधी को नमन कर सपा प्रमुख बोले – गोमती रिवरफ्रंट पर लगेगी भव्य प्रतिमा, PDA और सामाजिक न्याय को लेकर भाजपा पर साधा निशाना
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती के अवसर पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रमों में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। हजरतगंज स्थित कैपिटल सिनेमा के पास उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के साथ ही इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित विशाल सम्मेलन में भी अखिलेश यादव ने अवंती बाई लोधी को नमन किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में वीरांगना अवंती बाई लोधी ने अंग्रेजों के खिलाफ वीरता और साहस के साथ संघर्ष किया और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में रानी लक्ष्मीबाई के साथ अवंती बाई लोधी के योगदान को भी याद किया जाना चाहिए।
सपा सरकार बनी तो 16 अगस्त को छुट्टी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर 16 अगस्त को वीरांगना अवंती बाई लोधी की जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से इस अवसर पर उत्सव और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे उन्होंने लखनऊ के गोमती रिवरफ्रंट पर वीरांगना अवंती बाई लोधी की सोने की तलवार के साथ प्रतिमा स्थापित करने की बात भी कही।
PDA को लेकर कार्यकर्ताओं को दिया टारगेट
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव को महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यकर्ताओं से एक-एक वोट जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि PDA में सभी वर्गों को शामिल कर सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाया जाएगा और सभी को सम्मान व राजनीतिक भागीदारी देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने लोधी समाज को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी उन्हें राजनीतिक सम्मान और स्थान देने का काम करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जातीय जनगणना की पक्षधर है और आबादी के अनुपात में लोगों को हक और सम्मान मिलना चाहिए।
लोधी समाज बोले- मिलेगा राजनीतिक सम्मान और स्थान
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने लोधी समाज से सत्ता में आने पर राजनीतिक सम्मान और स्थान देने का वायदा किया। भाजपा सरकार पर महंगाई, किसानों, स्वास्थ्य, शिक्षा, भ्रष्टाचार और रोजगार समेत कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा।उन्होंने दावा किया कि किसानों को खाद की समस्या का सामना करना पड़ रहा है और फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है।उन्होंने सरकारी स्कूलों के बंद होने, स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति और आउटसोर्सिंग के जरिए भर्ती को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर नौकरियों में आरक्षण और सामाजिक न्याय को प्राथमिकता दी जाएगी।
सीमा सुरक्षा और परिसीमन पर भी उठाया सवाल
मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि परिसीमन से ज्यादा देश की सीमाओं की सुरक्षा पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि 2014 में भारत का क्षेत्रफल कितना था और आज कितना है, क्या भाजपा इसका जवाब दे सकती है। उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश नीति, सीमाओं और अन्य मुद्दों पर भी सवाल उठाए।
‘रामधन लूट लिया’ वाले बयान से सियासी हमला
उन्होंने अयोध्या में मंदिर के चढ़ावे से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग रामराज लाने की बात करते थे, उन्होंने रामधन को ही लूट लिया। उन्होंने अयोध्या में चढ़ावे और जमीन से जुड़े मामलों की जांच की मांग उठाई। उन्होंने महंगाई, पेट्रोल में मिलावट, खाद की कमी और किसानों की समस्याओं को लेकर भी भाजपा सरकार पर तीखे आरोप लगाए।
‘2027 में भाजपा का सफाया तय’
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि जनता भाजपा सरकार की वास्तविकता समझ चुकी है और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार तय है। उन्होंने 2024 लोकसभा चुनाव में सपा के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि PDA के नारे के साथ जनता ने समाजवादी पार्टी का साथ दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने गठबंधन को और मजबूत करेगी और दलों से ज्यादा जनता पर भरोसा करेगी।
जातीय जनगणना को लेकर बड़ा दावा
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा जातीय जनगणना से बचने के लिए चालबाजी कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी चाहती है कि जातीय जनगणना हो और आबादी के हिसाब से सभी को हक और सम्मान मिले। अखिलेश ने दावा किया कि समाजवादी सरकार बनने पर तीन महीने में जातीय जनगणना कराने का प्रयास किया जाएगा।
सोशल मीडिया पोस्ट में भी PDA का संदेश
सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव ने वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी को उनकी जयंती पर नमन किया। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा कि “जन-जन है ‘पीडीए’ के साथ, बनेगी अपनी पीडीए सरकार!” वहीं प्रतिभाओं के सम्मान को लेकर भी उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश साझा किया। कार्यक्रम में सपा नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों और लोधी समाज के बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
