25 मई को हुई थी शादी, पहली शादी छिपाने का आरोप, विवाहिता ने मारपीट, जान से मारने की कोशिश और धोखाधड़ी का लगाया आरोप
बरेली : हाफिजगंज थाना क्षेत्र में शादी के तीन महीने के भीतर एक विवाहिता की जिंदगी उस समय बदल गई, जब उसे पता चला कि उसका पति पहले से ही शादीशुदा है। विवाहिता की शिकायत पर एसएसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने पति समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता शिवानी के अनुसार, 25 मई को उसकी शादी कर्मचारी नगर निवासी सचिन उर्फ सत्यपाल से हुई थी। आरोप है कि शादी के समय सचिन और उसके परिवार ने पहली शादी की जानकारी छिपाई। विदाई के बाद जब वह ससुराल पहुंची तो उसे पति के पहले से विवाहित होने की जानकारी मिली। इस पर विरोध करने पर पति और ससुराल पक्ष ने उसके साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया।
जान से मारने की नीयत से छत से दिया धक्का
विवाहिता का आरोप है कि इसके बाद उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उसने शिकायत में कहा कि पति ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उसे छत से नीचे धक्का दे दिया, जिससे वह घायल हो गई। इलाज के बाद उसे मायके छोड़ दिया गया। शिवानी ने यह भी आरोप लगाया कि जिस मकान को सचिन अपना बता रहा था, वह उसकी बहन के नाम का निकला। साथ ही, भगवंतपुर पहुंचने पर पति की पहली शादी की जानकारी भी सामने आई।
एसएसपी से की शिकायत
इसके बाद उसने एसएसपी से शिकायत कर न्याय की मांग की। एसएसपी के निर्देश पर हाफिजगंज पुलिस ने पति सचिन उर्फ सत्यपाल समेत 10 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि विवाहिता की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
