बच्चों की कहासुनी के बाद बड़े भी भिड़े, नुकीली चीज से हमले में किशोर और युवक घायल; लखनऊ ले जाते समय किशोर ने तोड़ा दम
सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में वीडियो गेम खेलने को लेकर बच्चों के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी रविवार देर रात खूनी संघर्ष में बदल गई। शहर कोतवाली क्षेत्र के सरदार फार्म इलाके में विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। मारपीट के दौरान नुकीली चीज से हमला किए जाने का आरोप है। घटना में एक किशोर और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। किशोर की इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे सरदार फार्म मोहल्ले में कुछ बच्चे वीडियो गेम खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। शुरुआत में विवाद बच्चों तक ही सीमित था, लेकिन कुछ देर बाद मामला बढ़ गया। बताया जा रहा है कि इसके बाद दोनों पक्ष कमेला इलाके में इमरान मेडिकल स्टोर के पास आमने-सामने आ गए। यहां मोहम्मद दानिश और किशोर अयान का सलीम और उसके बेटे शोएब से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया।
विवाद के दौरान आरोप है कि सलीम और उसके बेटे शोएब ने दानिश और अयान पर किसी नुकीली चीज से हमला कर दिया। अचानक हुई मारपीट और हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजन दोनों घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। डॉक्टरों ने अयान की हालत गंभीर देखते हुए उसे तत्काल लखनऊ रेफर कर दिया।
परिजन अयान को इलाज के लिए लखनऊ लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं घायल मोहम्मद दानिश का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
किशोर की मौत की खबर मिलते ही पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज कर दी। पुलिस ने सलीम और उसके बेटे शोएब को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार या नुकीली वस्तु की तलाश के साथ-साथ अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है। पुलिस दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद की पूरी वजह और घटनाक्रम की जांच कर रही है। किशोर की मौत के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।