सदर कोतवाली से महज 400 मीटर दूर वारदात, चार दुकानों के दरवाजे काटे, दो में चोरी से व्यापारियों में दहशत
बदायूं: बदायूं शहर के बीचोंबीच मुख्य बाजार में चोरों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था को चुनौती देते हुए दो दुकानों में लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने चार दुकानों के दरवाजे काटकर चोरी का प्रयास किया, लेकिन दो दुकानों से नकदी और सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद मुख्य बाजार के व्यापारियों में भय का माहौल है।
प्रभात जनरल मर्चेंट में करीब 10 लाख की चोरी

मुख्य बाजार स्थित प्रभात जनरल मर्चेंट की दुकान में चोरों ने करीब 5 लाख रुपये की नकदी समेत लगभग 10 लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह व्यापारी जब दुकान पर पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। दुकान में सामान बिखरा मिला और चोरी के बाद व्यापारी के होश उड़ गए।
गांधी ड्रायफ्रूट्स से भी नकदी और सामान चोरी
चोरों ने गांधी ड्रायफ्रूट्स की दुकान को भी निशाना बनाया। यहां से करीब पौने दो लाख रुपये की नकदी समेत अन्य सामान चोरी होने की जानकारी सामने आई है। दोनों दुकानों में चोरी की घटना से व्यापारियों में नाराजगी है।
चार दुकानों के दरवाजे काटे

बताया जा रहा है कि चोरों ने रात के समय चार दुकानों के दरवाजे काटकर अंदर घुसने का प्रयास किया। इनमें से दो दुकानों में चोरी करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
सदर कोतवाली से 400 मीटर दूर वारदात
चोरी की सबसे बड़ी बात यह है कि वारदात सदर कोतवाली से करीब 400 मीटर की दूरी पर हुई। शहर के मुख्य बाजार में हुई इस घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों का कहना है कि अगर मुख्य बाजार में ही सुरक्षा व्यवस्था इतनी कमजोर है तो अन्य इलाकों में सुरक्षा का क्या हाल होगा।
सूचना पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाल संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और व्यापारियों से जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।
रिपोर्ट : राजा खान बदायूँ
