प्रधानमंत्री बोले- स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलकर युवा ही विकसित भारत का सपना साकार करेंगे
मैसूर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कर्नाटक के मैसूर स्थित श्री रामकृष्ण आश्रम में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र (विवेक स्मारक) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण, सेवा, नवाचार, शिक्षा और अनुशासन को जीवन का लक्ष्य बनाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी विकसित भारत की सबसे बड़ी प्रेरणा हैं।
युवाओं को बताया भारत की सबसे बड़ी ताकत
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है और इसका सबसे बड़ा आधार देश के युवा हैं। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है तथा सेमीकंडक्टर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), अंतरिक्ष तकनीक और डीप टेक जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
शिक्षा और आत्मनिर्भर भारत पर जोर
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, पीएम श्री स्कूल, अटल टिंकरिंग लैब और उच्च शिक्षा संस्थानों के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार कर रही है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया अभियान को युवाओं की शक्ति से जोड़ते हुए कहा कि सही अवसर मिलने पर युवा हर लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।
जल संरक्षण, स्वच्छता और खेलों का दिया संदेश
प्रधानमंत्री ने युवाओं से जल संरक्षण, स्वच्छता और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल भी राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और खेलो इंडिया जैसी योजनाओं से देश की प्रतिभाओं को नया मंच मिला है।
विवेक स्मारक में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
करीब 81 हजार वर्ग फुट क्षेत्र में बने इस केंद्र में 4-डी एक्सपीरियंस सेंटर, प्रदर्शनी हॉल, पुस्तकालय, ध्यान एवं योग कक्ष, सम्मेलन कक्ष, एम्फीथिएटर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
