राहुल की मौत के दो आरोपी हिरासत में, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, फतेहगंज पूर्वी में ट्रांसफॉर्मर पर काम के दौरान करंट से पंकज मिश्रा की मौत
बरेली : यूपी के बरेली में शुक्रवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। शहर के थाना किला क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर पर मरम्मत कार्य के दौरान करंट लगने से संविदा विद्युतकर्मी की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।एक मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जबकि दूसरे में हादसे के कारणों की विभागीय जांच कराई जा रही है।
दोस्तों के साथ गया राहुल, रात में लहूलुहान हालत में मिला
शहर के थाना किला क्षेत्र की गढ़ी चौकी इलाके में रहने वाले 19 वर्षीय राहुल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के पिता विनोद कश्यप के अनुसार,गुरुवार रात करीब नौ बजे राहुल खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले उसके दोस्त रवि, जितिन, लक्की, सोनू और अन्य साथी उसे अपने साथ बुलाकर ले गए। परिजनों का आरोप है कि रात करीब तीन बजे राहुल लहूलुहान और बेहोशी की हालत में घर के बाहर पड़ा मिला। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जबकि उसकी चप्पल कुछ दूरी पर पड़ी हुई थी। परिवार के लोग उसे घर के अंदर ले आए, लेकिन शुक्रवार सुबह उसकी हालत और बिगड़ गई। इसके बाद ई-रिक्शा से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
राहुल की मां गीता का कहना है कि करीब दो वर्ष पहले राहुल का रवि, जितिन और लक्की से विवाद हुआ था। बाद में समझौता हो गया था, लेकिन परिवार को आशंका है कि पुरानी रंजिश के चलते उसे बुलाकर बेरहमी से पीटा गया और उसकी हत्या कर दी गई। मृतक के पिता ने किला थाने में तहरीर देकर चार युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानें क्या बताया पुलिस ने
सूचना मिलने पर किला थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चलेगा। यदि जांच में हत्या या अन्य आपराधिक कृत्य की पुष्टि होती है तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।
करंट से संविदा विद्युतकर्मी की मौत, शटडाउन और सप्लाई को लेकर उठे सवाल
बरेली देहात के फतेहगंज पूर्वी विद्युत उपकेंद्र पर तैनात संविदा कर्मचारी पंकज मिश्रा (40), निवासी गांव निवड़िया, की शुक्रवार सुबह ट्रांसफॉर्मर पर मरम्मत कार्य के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। हादसा सुबह करीब आठ बजे मोबाइल टावर के पास लगे ट्रांसफॉर्मर पर काम करते समय हुआ। अचानक हाईटेंशन लाइन में करंट आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजन उन्हें तत्काल फरीदपुर सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीण लाइन बंद होने के बावजूद कैसे पहुंचा करंट?
जानकारी के अनुसार संबंधित फीडर पर एक ट्रॉली नलकूप खराब होने के कारण रात में ग्रामीण क्षेत्रों को बिजली आपूर्ति दी जा रही थी। सुबह करीब आठ बजे ग्रामीण सप्लाई बंद कर दी गई थी। इसके बाद पंकज मिश्रा लाइन पर कार्य कर रहे थे, लेकिन अचानक करंट आ गया। यह कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
परिजनों का आरोप- कटिया जोड़ने से हुआ हादसा
परिजनों का आरोप है कि किसी ने नलकूप लाइन में कटिया डालकर जोड़ दिया। जिसके चलते लाइन में अचानक करंट प्रवाहित हो गया और हादसा हो गया। उनका कहना है कि पंकज पहले भी करंट लगने की घटना का शिकार हो चुके थे, इसलिए उन्हें उपकेंद्र पर ड्यूटी दी गई थी, लेकिन शुक्रवार को वह फील्ड में कार्य कर रहे थे। मृतक अपने पीछे पत्नी सीमा और दो बेटों को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
विभाग का पक्ष- शटडाउन नहीं लिया गया था
विद्युत निगम के एक्सईएन पवन वर्मा के अनुसार, संबंधित ग्रामीण फीडर की लाइन खोली गई थी, लेकिन उसमें एक फेज पर सप्लाई बनी रहती है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि कार्य शुरू करने से पहले शटडाउन नहीं लिया गया था। संभव है इसी कारण कर्मचारी करंट की चपेट में आ गया हो। विभाग ने मामले की जांच कराने और नियमानुसार मृतक के परिजनों को सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।
दोनों मामलों में जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
राहुल की मौत के मामले में पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। वहीं संविदा विद्युतकर्मी पंकज मिश्रा की मौत के मामले में करंट आने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। दोनों घटनाओं में अभी अलग-अलग पक्षों के दावे सामने आए हैं और अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
