सहसवान में वारदात, गल्ले से 15 हजार रुपये और परचून का सामान चोरी, पुलिस जांच में जुटी
बदायूं : सहसवान थाना क्षेत्र में एक दिव्यांग दुकानदार के लकड़ी के खोखे को पीछे से काटकर अज्ञात चोर नकदी और परचून का सामान चोरी कर ले गए। घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित ने थाना सहसवान में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
सहसवान थाना क्षेत्र के मोहल्ला चाहशीरी निवासी दिव्यांग मुहम्मद आकिल परिवार का भरण-पोषण करने के लिए लकड़ी के खोखे में परचून की दुकान चलाते हैं। पीड़ित के अनुसार 31 जुलाई की रात करीब एक से दो बजे के बीच अज्ञात चोरों ने खोखे को पीछे से काटकर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखे करीब 15 हजार रुपये के साथ परचून का सामान चोरी कर लिया।
सुबह जब मुहम्मद आकिल दुकान खोलने पहुंचे तो खोखा पीछे से कटा हुआ मिला और अंदर रखा नकद व सामान गायब था। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पीड़ित का कहना है कि दुकान के आसपास असामाजिक और जुआ खेलने वाले लोगों का अक्सर जमावड़ा रहता है, जिन पर उसे संदेह है।
पीड़ित ने थाना सहसवान में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।