शहर के इज्जतनगर क्षेत्र का मामला, पति बोला- बीमारी से हुई मौत, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की
बरेली : शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में शादी के महज आठ महीने बाद 25 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या और प्रताड़ना का आरोप लगाया है, जबकि पति का कहना है कि उसकी पत्नी की मौत बीमारी के कारण हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक नवंबर 2025 को हुई थी शादी
शहर के प्रेमनगर क्षेत्र के बानखाना निवासी हरिशंकर ने बताया कि उनकी बेटी कामिनी मौर्य की शादी एक नवंबर 2025 को इज्जतनगर क्षेत्र निवासी विकास मौर्य से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष कामिनी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। परिजनों का आरोप है कि इसी प्रताड़ना के चलते उनकी बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है।
रविवार शाम बिगड़ी तबीयत, सोमवार सुबह हुई मौत
परिजनों के मुताबिक रविवार शाम विकास मौर्य ने फोन कर कामिनी की तबीयत खराब होने की जानकारी दी। सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही मायके पक्ष अस्पताल पहुंचा और मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पति ने आरोपों को बताया निराधार
पति विकास मौर्य ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि कामिनी पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से बीमार थी, और उसका लगातार इलाज चल रहा था। हालत बिगड़ने पर पहले एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने पति-पत्नी के बीच किसी भी तरह के विवाद से इंकार किया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
