बरेली : नगर निगम के आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों ने साप्ताहिक अवकाश नहीं मिलने और कथित उत्पीड़न के विरोध में रविवार को ठेकेदारों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। स्थानीय निकाय सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में कर्मचारी कोतवाली पहुंचे और ठेकेदारों के खिलाफ शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। कर्मचारियों का आरोप है कि उनसे पूरे महीने बिना साप्ताहिक अवकाश के लगातार सफाई कार्य कराया जा रहा है और विरोध करने पर नौकरी से निकालने व धमकाने की बात कही जाती है।
रविवार की छुट्टी न मिलने पर बढ़ा विरोध
संघ के शाखा अध्यक्ष आशीष कुमार वाल्मीकि ने बताया कि नगर निगम के वार्ड 9, 18, 22, 42, 44, 45, 6, 11, 14, 16 और 29 में ठेकेदारों के माध्यम से आउटसोर्स सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं। उनका आरोप है कि कर्मचारियों से पूरे महीने लगातार काम कराया जाता है और रविवार सहित किसी भी दिन साप्ताहिक अवकाश नहीं दिया जाता। यदि कोई कर्मचारी छुट्टी की मांग करता है तो उसे नौकरी से हटाने और अन्य प्रकार की कार्रवाई की धमकी दी जाती है।
फोन कॉल के बाद कर्मचारी पहुंचे कोतवाली
संघ के अनुसार रविवार सुबह कई सफाई कर्मचारियों ने फोन कर बताया कि उन्हें अवकाश के दिन भी ड्यूटी करने के लिए बुलाया गया है। इसके बाद संघ के पदाधिकारियों ने संबंधित पर्यवेक्षक के माध्यम से ठेकेदारों से संपर्क किया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बातचीत के दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया,जातिसूचक शब्द कहे गए और शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदारों ने अपने प्रभाव का हवाला देकर उन्हें डराने की कोशिश की।
नियमों का हवाला देकर उठाए सवाल
शिकायती पत्र में स्थानीय निकाय सफाई कर्मचारी संघ ने व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थितियां संहिता-2020 तथा उत्तर प्रदेश शासन के संबंधित आदेशों का हवाला देते हुए कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों को भी साप्ताहिक अवकाश का अधिकार प्राप्त है। संघ का आरोप है कि नगर निगम में इन नियमों का पालन नहीं किया जा रहा और कर्मचारियों से लगातार बिना अवकाश के काम कराया जा रहा है।
पुलिस ने जांच शुरू की
सफाई कर्मचारी संघ ने कोतवाली पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों का उत्पीड़न नहीं रुका तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि सफाई कर्मचारी संघ की ओर से शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
