लखनऊ में वॉटर टैक्सी और प्रयागराज में खनन के वीडियो किए शेयर, भाजपा ने यूपी को फिर बीमारू प्रदेश बनाया, राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण और सरकार की कार्यशैली पर भी उठाए सवाल
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और पार्टी की ओर से जारी प्रेस बयान के जरिए भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने अयोध्या, लखनऊ और प्रयागराज से जुड़े वीडियो साझा करते हुए प्रदेश सरकार की कार्यशैली, विकास दावों और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने अयोध्या में जलभराव का वीडियो साझा करते हुए लिखा, “पहले भाजपा के कुकृत्यों से अयोध्या पानी-पानी हो गया और अब भाजपा सरकार की अव्यवस्था के कारण।
ये है अयोध्या अंतरराष्ट्रीय स्तर के विकास का दावा
वहीं लखनऊ में जलभराव का वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने तंज कसते हुए पूछा, “क्या वॉटर टैक्सी जलमग्न गोरखपुर की सड़कों पर भी दौड़ेगी?” इसके अलावा प्रयागराज में पहाड़ काटकर खनन से जुड़े वीडियो को साझा करते हुए उन्होंने लिखा, “भाजपा के एक और ‘प्रधान’ का कमाल!”
‘भाजपा ने उत्तर प्रदेश को फिर बीमारू प्रदेश बना दिया’
समाजवादी पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी प्रशासनिक अक्षमता के कारण उत्तर प्रदेश को फिर से “बीमारू प्रदेश” बना रही है। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर जिन परियोजनाओं का प्रचार किया गया, वे भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई हैं। उनका दावा था कि एक्सप्रेस-वे और सड़कें धंस रही हैं तथा सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है।
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर भी साधा निशाना
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि इस घटना से लोगों की आस्था को ठेस पहुंची है। उन्होंने भाजपा, आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जनता इन मुद्दों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।
किसान, महंगाई और कानून-व्यवस्था पर कही ये बात
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि प्रदेश में किसान समय पर खाद, बीज और कीटनाशक नहीं मिलने से परेशान हैं। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, निवेश, महंगाई और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी सरकार की आलोचना की। साथ ही दावा किया कि प्रदेश की जनता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में बदलाव का मन बना चुकी है।
जगन्नाथ रथ यात्रा की दी शुभकामनाएं
राजनीतिक बयानबाजी के बीच अखिलेश यादव ने देशवासियों को भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के शुभारंभ पर शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने भगवान जगन्नाथ से सभी के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
