भीषण गर्मी और बिजली कटौती के बीच नदी में नहाने पहुंचे थे चारों युवक, एक की तलाश में गोताखोर जुटे
मुरादाबाद: सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोरा की मिलक स्थित रामगंगा नदी में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में नहाने उतरे चार दोस्त तेज बहाव की चपेट में आ गए। हादसे में तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक युवक नदी में लापता हो गया। उसकी तलाश के लिए पीएसी के गोताखोर और पुलिस की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी में उतरते ही चारों युवक तेज बहाव में फंस गए। इनमें से दो युवक काफी दूर तक तैरकर किसी तरह बाहर निकल आए, जबकि तीसरे युवक को सिविल लाइंस थाना पुलिस ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

चौथा युवक आसिफ, जो अमरोहा जिले का निवासी बताया जा रहा है, नदी में लापता हो गया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस, स्थानीय पुलिस और पीएसी की गोताखोर टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया।
बताया गया कि चारों युवक मुरादाबाद के सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित मोनू अलमारी फैक्ट्री में काम करते हैं। बिजली न आने और भीषण गर्मी के कारण वे रामगंगा नदी में नहाने पहुंचे थे।
लापता युवक आसिफ शादीशुदा है और उसकी एक छोटी बच्ची भी है। घटना के बाद उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि गोताखोरों की मदद से नदी में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।