बरेली: भोजीपुरा थाना क्षेत्र में असम की रहने वाली एक महिला द्वारा लगाए गए कथित सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों के मामले में नया मोड़ आ गया है। शुरुआत में महिला की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन अब पुलिस का कहना है कि महिला ने मेडिकल परीक्षण कराने से इनकार कर दिया है। इसके साथ ही उसने लिखित रूप से यह भी दिया है कि उसके साथ ऐसी कोई घटना नहीं हुई।
महिला ने लगाया था गेस्ट हाउस में गैंगरेप का आरोप
शुरुआती शिकायत में महिला ने आरोप लगाया था कि वह उत्तराखंड के रुद्रपुर से अपने बच्चों के साथ बरेली आ रही थी। रास्ते में जादौंपुर के पास दो युवकों ने उसे बातों में फंसाया, बच्चों को अलग भेज दिया और बहाने से एक निजी गेस्ट हाउस ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। शिकायत मिलने के बाद भोजीपुरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
पूछताछ के दौरान महिला ने बदला अपना बयान
मामले में सीओ हाईवे ने ‘The Justice Hindi’ को बताया कि जब पुलिस ने महिला से विस्तार से पूछताछ की और मेडिकल परीक्षण कराने के लिए कहा, तो उसने साफ इनकार कर दिया। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके साथ ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। इतना ही नहीं, उसने मेडिकल परीक्षण न कराने के संबंध में लिखित बयान भी पुलिस को दे दिया।
मेडिकल कराने से किया इनकार, लिखित बयान सौंपा
पुलिस के अनुसार, महिला ने लिखित रूप से कहा है कि वह मेडिकल परीक्षण नहीं कराना चाहती। ऐसे में पुलिस अब मामले के सभी तथ्यों की जांच कर रही है और महिला के पहले और बाद के बयानों का भी मिलान किया जा रहा है।
पुलिस बोली- जांच के बाद आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। महिला के बदलते बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
