बरेली: उत्तर प्रदेश सरकार के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान के तहत रविवार को बरेली में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। जिले में 43 लाख 58 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया। इसकी शुरुआत जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों,स्कूली बच्चों,एनसीसी,आईटीबीपी, सामाजिक संगठनों और आम लोगों की मौजूदगी में हुई। वहीं, बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने भी अपनी विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं में 7,300 पौधे लगाकर अभियान में अहम योगदान दिया।
जनभागीदारी के साथ महाअभियान का आगाज

डीएफओ दीक्षा भंडारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के आह्वान पर पूरे प्रदेश में एक साथ वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। बरेली में कार्यक्रम का शुभारंभ बड़ा बाईपास के किनारे किया गया। यहां उत्तर प्रदेश सरकार के दुग्ध विकास एवं पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, जनप्रतिनिधियों, विधायकों, एमएलसी, एनसीसी कैडेट्स, आईटीबीपी के जवानों, स्कूली बच्चों, सामाजिक संगठनों और अधिकारियों ने मिलकर पौधे लगाए। वृक्षारोपण से पहले यज्ञ भी किया गया और मंत्री धर्मपाल सिंह ने आंवले का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की।
BDA ने अपनी योजनाओं में लगाए 7,300 पौधे

इस अभियान के तहत बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ी पहल की। बीडीए ने अपनी विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं में 7,300 पौधे लगाए। इसके अलावा सेक्टर-08 स्थित निर्माणाधीन मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय परिसर में भी विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बिथरी चैनपुर विधायक राघवेंद्र शर्मा, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह और बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय ने भी पौधे लगाए और लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ सिर्फ अभियान नहीं, एक संकल्प
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ सिर्फ पौधे लगाने का अभियान नहीं है, बल्कि अपनी मां के सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। लोगों से अपील की गई कि वे अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और उसकी नियमित देखभाल भी करें, ताकि यह अभियान सिर्फ एक दिन तक सीमित न रहे।
पौधों की सुरक्षा और देखभाल की भी पूरी तैयारी
डीएफओ दीक्षा भंडारी ने बताया कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा और देखभाल के लिए पहले से ही पूरी कार्ययोजना तैयार की गई है। जहां जरूरत है वहां तारबाड़ की व्यवस्था की गई है, जबकि स्कूलों, स्टेडियमों, सीएचसी, पीएचसी और अन्य सरकारी परिसरों की बाउंड्री के भीतर भी पौधे लगाए गए हैं। सिंचाई के लिए टैंकर, हैंडपंप, समरसेबल और अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले के सभी 26 विभाग मिलकर पूरे लक्ष्य को समय पर पूरा करेंगे और लगाए गए पौधों की देखभाल भी सुनिश्चित करेंगे।
