धोबी तालाब रोड स्थित गोदाम से मिली अवैध लकड़ी, मालिक मौके से फरार, उत्तराखंड की टीम लकड़ी जब्त कर ले गई, स्थानीय वन विभाग की भूमिका पर भी उठे सवाल
बरेली : यूपी के बरेली देहात के बहेड़ी कस्बे में उत्तराखंड वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई कर एक गोदाम से करीब 20 लाख रुपये मूल्य की चोरी की सागौन की लकड़ी बरामद की है। यह कार्रवाई उत्तराखंड के गौला बैराज से खटीमा तक फैले जंगलों से लकड़ी चोरी के मामले की जांच के दौरान की गई। बरामद लकड़ी को जब्त कर उत्तराखंड वन विभाग अपने साथ ले गया है। इस मामले में गोदाम मालिक और लकड़ी तस्करी से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मिला सुराग
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले उत्तराखंड वन विभाग ने जंगल से सागौन की लकड़ी चोरी कर दो लोगों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उत्तराखंड वन विभाग के एसडीओ अनिल जोशी और एसडीओ सावित्री गोस्वामी के नेतृत्व में टीम बहेड़ी पहुंची और धोबी तालाब रोड स्थित एक गोदाम पर छापा मारा।
गोदाम मालिक फरार, भारी मात्रा में मिली लकड़ी
छापेमारी के दौरान गोदाम से भारी मात्रा में सागौन की लकड़ी बरामद हुई। वन विभाग की टीम को देखकर गोदाम मालिक मौके से फरार हो गया। अधिकारियों ने लकड़ी को जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोरी की लकड़ी उत्तराखंड के जंगलों से पिकअप वाहनों के जरिए लिंक मार्गों से बहेड़ी तक लाई जाती थी।
स्थानीय वन विभाग की भूमिका पर उठे सवाल
कार्रवाई के दौरान स्थानीय वन विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जबकि उत्तराखंड वन विभाग ने उन्हें सूचना भी दी थी। इसे लेकर स्थानीय वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि रात के समय जंगलों से आने वाली लकड़ी की जानकारी स्थानीय वन विभाग को रहती है, क्योंकि संबंधित मार्गों पर विभाग की नियमित गश्त होती है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
उत्तराखंड वन विभाग के एसडीओ अनिल जोशी ने बताया कि लगभग 20 लाख रुपये मूल्य की चोरी की सागौन की लकड़ी बरामद कर जब्त कर ली गई है। मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद गोदाम मालिक सहित लकड़ी चोरी और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
