लखनऊ/कौशांबी : यूपी के कौशांबी जिले में आयोजित एक सामूहिक विवाह समारोह ने एक अनोखे विवाह के चलते सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इस भव्य आयोजन में जब तीन फीट के दूल्हा महेश कुमार और ढाई फीट की दुल्हन संगीता देवी ने सात फेरे लिए, तो पंडाल तालियों से गूंज उठा। लोगों ने इस खूबसूरत जोड़ी को देखकर कहा,“रब ने बना दी जोड़ी”।
जब एक जोड़ी बन गई समारोह की जान
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित इस विवाह कार्यक्रम में कुल 100 से अधिक जोड़ों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाईं, लेकिन मंच पर जैसे ही महेश और संगीता पहुंचे, पूरा माहौल भावनाओं से भर उठा। उनकी मुस्कुराहट और आत्मविश्वास ने सबका दिल जीत लिया। मंडप में मौजूद सैकड़ों लोग उन्हें देखकर प्रेरणा लेने लगे।
“भगवान और सरकार का धन्यवाद”: दूल्हा महेश कुमार
महेश कुमार, जो कि जन्म से ही शारीरिक रूप से अक्षम हैं, ने शादी के बाद मीडिया से कहा,“मैं हमेशा से जीवनसाथी चाहता था, लेकिन सोचा नहीं था कि कभी यह सपना साकार होगा। सरकार और भगवान दोनों को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने हमें मिलाया।”महेश ने बताया कि वह एक छोटी दुकान चलाते हैं और अब वह और संगीता साथ मिलकर अपने जीवन को नई दिशा देना चाहते हैं।
प्रशासन और समाजसेवियों ने कहा, यह है असली प्रेरणा
इस मौके पर मौजूद जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग और विभिन्न समाजसेवियों ने इस जोड़ी को ‘आत्मविश्वास और प्रेम की मिसाल’ बताया। उन्होंने कहा, “आज समाज को समझना चाहिए कि प्रेम और रिश्ते ऊंचाई, पैसे या शक्ल से नहीं बनते, वे दिल से बनते हैं।”
सामूहिक विवाह योजना से मिली मदद
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत नवविवाहित जोड़ों को 51,000 रूपये की आर्थिक सहायता, घरेलू सामान और वर-वधू को वस्त्र भेंट किए गए। विवाह विधि-विधान से हुआ और भोजन-पानी की उत्तम व्यवस्था भी की गई थी। आयोजन को सफल बनाने में प्रशासनिक अमला पूरे मनोयोग से जुटा रहा।
![]()
