अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को बताया प्राथमिकता
बरेली रेंज के डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन और एसएसपी कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एसएसपी अनुराग आर्य के साथ परेड ग्राउंड से लेकर पेंशन शाखा तक गहन मूल्यांकन किया और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
परेड में ली सलामी, शस्त्रों की जांच
डीआईजी ने निरीक्षण की शुरुआत पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड से की। उन्होंने पुलिसकर्मियों की परेड की सलामी ली और ड्रील व टर्न आउट की प्रशंसा की। इसके बाद उन्होंने एसएसपी अनुराग आर्य के साथ क्वार्टर गार्ड में शस्त्रागार का निरीक्षण किया। उन्होंने शस्त्रों की स्थिति, साफ-सफाई और अभिलेखों की जांच कर नियमित अपडेट रखने के निर्देश दिए।
विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली देखी
निरीक्षण के दौरान डीआईजी अजय कुमार साहनी ने मोटर ट्रांसपोर्ट शाखा, फील्ड यूनिट और घुड़साल का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बातचीत की और समयबद्ध व जिम्मेदारीपूर्ण कार्यों पर जोर दिया। प्रशिक्षण व भर्ती की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
एसएसपी कार्यालय में शाखाओं का मूल्यांकन
पुलिस लाइन के निरीक्षण के बाद डीआईजी एसएसपी अनुराग आर्य के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अभिलेख शाखा, अपराध शाखा, यातायात नियंत्रण शाखा और जन शिकायत प्रकोष्ठ समेत अन्य विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य पारदर्शी और दक्षता से पूरे हों, ताकि जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
पेंशनर्स की समस्याएं सुनीं, समयबद्ध समाधान के निर्देश
निरीक्षण के अंत में डीआईजी ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के साथ बैठक की। उन्होंने पेंशन, स्वास्थ्य, आवास व लंबित भुगतानों से जुड़ी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ निस्तारण किया जाए।
लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: डीआईजी अजय कुमार साहनी
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी शाखाएं सजग और उत्तरदायी रहें ताकि जनता को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सके।
![]()
