जरीफनगर थाना क्षेत्र के मौरुवाला गांव में बवाल, वायरल वीडियो की जांच में जुटी पुलिस
बदायूं : जिले के जरीफनगर थाना क्षेत्र के मौरुवाला गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर पथराव और फायरिंग होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। इस दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। साथ ही फायरिंग किए जाने का भी दावा किया जा रहा है। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग हथियारों के साथ फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
स्थानीय पुलिस वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।