बिलसंडा पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, मुठभेड़ में आरोपी ढेर, दो पुलिसकर्मी भी घायल
पीलीभीत : उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में बिलसंडा पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चर्चित पप्पू गुप्ता हत्याकांड के 1 लाख रुपये के इनामी सुपारी शूटर सर्वजीत उर्फ शिवम को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी की गोली लगने से एक उपनिरीक्षक और एक सिपाही घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार शीतलपुर-मरोरी जंगल क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान सर्वजीत का पुलिस से आमना-सामना हो गया। पुलिस को देखकर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक सर्वजीत उर्फ शिवम पर आरोप था कि उसने 28 मई को 20 हजार रुपये की सुपारी लेकर कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या की थी। पूछताछ में मुख्य आरोपी रमेश चंद्र कटियार ने सर्वजीत का नाम उजागर किया था। पुलिस बीते एक माह से उसकी तलाश कर रही थी।
सर्वजीत पर पुलिस ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। उसके खिलाफ हत्या, गैंगस्टर सहित करीब 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने पांच विशेष टीमें भी गठित की थीं।
मुठभेड़ के दौरान एसओजी के उपनिरीक्षक उमेश त्यागी और बिलसंडा थाने के सिपाही हरेंद्र कुमार गोली लगने से घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। फरार आरोपी की तलाश में आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
पीलीभीत के पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस पूरे मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।