लखनऊ/ गाजीपुर: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से चार लोगों की दर्दनाक मौत और कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शोक जताया है और सरकार को कड़ी फटकार लगाई है।
“जाँच हो, दोषियों को मिले सज़ा”: अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार और बिजली विभाग को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि “सरकार और बिजली विभाग एक-दूसरे पर ज़िम्मेदारी डालने के बजाय इस हादसे की जाँच कराये और दोषियों को बर्खास्त करे।”उन्होंने यह भी मांग की कि मृतकों और घायलों के परिजनों को तत्काल उचित मुआवज़ा दिया जाए ताकि पीड़ित परिवारों को राहत मिल सके।
बिजली संकट पर सरकार को घेरा
गाजीपुर की घटना के बहाने अखिलेश यादव ने राज्य में बिजली संकट को लेकर भी भाजपा सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि “अगर भाजपा सरकार ने कोई नया बिजली उत्पादन प्लांट लगाया होता या समाजवादी सरकार के समय बने बिजलीघरों को दुरुस्त रखा होता, तो प्रदेश की यह दुर्दशा न होती।”
सोलर ऊर्जा की अनदेखी पर सवाल
सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार की ऊर्जा नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि “सोलर प्लांट की सुध न जाने भाजपा सरकार को कब आएगी। देश और दुनिया में जहां अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है, यूपी सरकार इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही।”
24 घंटे बिजली न मिलने पर हो रहा जनता का आक्रोश
राज्य के विभिन्न हिस्सों में बिजली कटौती और अघोषित बिजली संकट के खिलाफ धरना-प्रदर्शन हो रहे हैं। पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सरकार से मांग की कि वह जनता की इस पीड़ा को सुने और 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए।
![]()
