दिल्ली रोड स्थित दीपा हॉस्पिटल पर विकास प्राधिकरण की कार्रवाई, शोरूम के नक्शे पर चल रहा था अस्पताल
मुरादाबाद : मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने शहर में चल रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल को सील कर दिया। विकास प्राधिकरण का आरोप है कि अस्पताल जिस भवन में संचालित हो रहा था, उसका स्वीकृत मानचित्र शोरूम के लिए था, जबकि वहां अस्पताल का संचालन किया जा रहा था।
अवैध निर्माणों पर लगातार चल रहा अभियान
पिछले कई दिनों से मुरादाबाद प्रशासन और विकास प्राधिकरण शहर में अवैध निर्माणों तथा बिना मानचित्र के बने भवनों के खिलाफ अभियान चला रहा है। इसी क्रम में हाल ही में रेलवे स्टेशन के सामने स्थित कई ढाबों और होटलों पर भी सीजिंग की कार्रवाई की गई थी।
दिल्ली रोड स्थित अस्पताल पर गिरी गाज
इसी अभियान के तहत मझौला थाना क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित निजी दीपा हॉस्पिटल को विकास प्राधिकरण की टीम ने सील कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि भवन का उपयोग स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किया जा रहा था, जो विकास प्राधिकरण के नियमों का उल्लंघन है।
कार्रवाई पर उठे सवाल
यह अस्पताल विकास प्राधिकरण कार्यालय से अधिक दूरी पर नहीं है। ऐसे में स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि यदि भवन में नियमों का उल्लंघन हो रहा था तो पिछले एक वर्ष से अधिक समय तक विभाग की नजर इस पर क्यों नहीं पड़ी। कार्रवाई को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
सचिव ने बताई कार्रवाई की वजह
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव पंकज वर्मा ने बताया कि संबंधित भवन का मानचित्र शोरूम के लिए स्वीकृत कराया गया था, जबकि उसमें अस्पताल संचालित किया जा रहा था। यह स्वीकृत मानचित्र और उपयोग की शर्तों का उल्लंघन है। इसी आधार पर भवन को सील करने की कार्रवाई की गई है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
विकास प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध निर्माणों और मानकों के विपरीत संचालित प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट : रेहान,मुरादाबाद
