बरेली : केंद्रीय कारागार बरेली के कृषि फार्म से पुलिस अभिरक्षा से फरार आजीवन कारावास की सजा काट रहे बंदी दिनेश की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।इस मामले की गंभीरता को देखकर एसएसपी अनुराग आर्य ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम घोषित किया है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
कृषि कार्य के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार
पुलिस के अनुसार, 22 जून को केंद्रीय कारागार बरेली के कृषि फार्म में 45 अन्य बंदियों के साथ दिनेश को खेती के कार्य के लिए पुलिस अभिरक्षा में भेजा गया था।दिनेश अमरोहा जिले के थाना डिडौली क्षेत्र के नन्हेड़ा राजपूत गांव का निवासी है और पॉक्सो एक्ट के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। कृषि कार्य के दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद जेल और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें सक्रिय, इनाम की घोषणा
फरारी की घटना के बाद थाना इज्जतनगर में आरोपी के खिलाफ धारा 262 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की हैं, जो लगातार संभावित स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। इसी क्रम में एसएसपी अनुराग आर्य ने आरोपी दिनेश की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए 25 हजार का पुरस्कार घोषित किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
