लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड पर जताया अफसोस, कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, भाजपा पर लोकतंत्र कमजोर करने का आरोप, संतों ने दिया आशीर्वाद,अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रवि सिंह यादव को भी किया सम्मानित
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री ने सोमवार को भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। पार्टी मुख्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने अयोध्या में कथित चढ़ावा घोटाले, NEET परीक्षा में अनियमितताओं और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने जैसे मुद्दों पर भाजपा को घेरा। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनना तय है।
भाजपा का चरित्र बेईमानी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का चरित्र बेईमानी का है और अयोध्या में भगवान राम के चढ़ावे में बड़े पैमाने पर घोटाला हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज तक गायब हैं और भाजपा के पास इन सवालों का कोई जवाब नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर रही है तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का काम कर रही है।
परीक्षा में धोखाधड़ी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़
NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर भी अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में उन्होंने कहा कि परीक्षा में सामने आ रही धोखाधड़ी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।उन्होंने छात्रों, अभिभावकों और युवाओं से एकजुट होकर ऐसे मामलों के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। सपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं से 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान करते हुए कहा कि मतदाता सूची से लेकर चुनावी प्रक्रिया तक भाजपा की हर गतिविधि पर नजर रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को सभी वर्गों का समर्थन मिल रहा है और जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा ने योग को राजनीतिक कार्यक्रम बनाया
योग दिवस पर टिप्पणी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि योग स्वस्थ विचार और स्वस्थ शरीर का माध्यम है, लेकिन भाजपा ने इसे राजनीतिक कार्यक्रम बना दिया है। उन्होंने कहा कि योग को राजनीति से दूर रखकर जनकल्याण के लिए इस्तेमाल किया जाना चाहिए। इस दौरान तपोभूमि विश्वकल्याण आश्रम कबीरधाम, लखीमपुर खीरी से आए संतों के प्रतिनिधिमंडल ने भी अखिलेश यादव से मुलाकात की। संत हरीश साहेब के नेतृत्व में आए संतों ने उन्हें 2027 में मुख्यमंत्री बनने का आशीर्वाद दिया। संतों ने समाज में शांति, सद्भाव, नशामुक्ति और शाकाहार को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रवि सिंह यादव से की मुलाकात
सोनभद्र के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रवि सिंह यादव ने भी सपा प्रमुख से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। अखिलेश यादव ने उन्हें रोमानिया में आयोजित 8वीं वर्ल्ड क्वान की डो चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर में आग पर जताया दुख
इसके अलावा अखिलेश यादव ने लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग और एनीमेशन सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की मांग की। उनके निर्देश पर सपा नेताओं का प्रतिनिधिमंडल घटनास्थल पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। सपा प्रमुख ने कहा कि यदि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो किसानों, युवाओं, छात्रों और आम जनता के हित में नई योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, मेडिकल और पैरामेडिकल शिक्षा के विस्तार तथा कृषि उत्पादों के बेहतर मूल्य की भी बात कही।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
