पटेल चौक से चौपुला तक चला नगर निगम का अभियान,17 हजार रुपये का जुर्माना वसूला, दोबारा कब्जा करने पर होगी एफआईआर
बरेली : सीएम योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे से पहले बरेली नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने पटेल चौक से चौपुला चौराहे तक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए बुलडोजर और जेसीबी का इस्तेमाल किया गया।नगर निगम अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना और वीआईपी मूवमेंट से पहले प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करना है। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे लगाए गए अस्थायी ढांचे, टिनशेड, ठेले और अवैध रूप से फैला सामान हटाया गया।
अतिक्रमणकारियों, और निगम टीम में नोकझोक
कई स्थानों पर अतिक्रमणकारियों और निगम टीम के बीच नोकझोंक भी हुई, लेकिन टीम ने कार्रवाई जारी रखते हुए अवैध कब्जों को हटाया। अतिक्रमण हटाओ दस्ता प्रभारी मयंक कुमार के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से मौके पर ही 17 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने साफ कहा कि यदि दोबारा सड़क या फुटपाथ पर कब्जा किया गया तो सामान जब्त करने के साथ संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
यहां हटाया गया अतिक्रमण
नगर निगम की टीम ने रामपुर गार्डन, पटेल चौक, चौपुला, कोतवाली और कुतुबखाना जैसे व्यस्त इलाकों में विशेष अभियान चलाया। फुटपाथों पर किए गए कब्जों को भी हटाया गया, ताकि पैदल चलने वाले लोगों को सुविधा मिल सके। अधिकारियों का कहना है कि शहर के कई इलाकों में फुटपाथ अतिक्रमण की वजह से राहगीरों को सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
सुप्रीम कोर्ट का दिया हवाला
नगर आयुक्त संजीव मौर्य के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में अधिकारियों ने सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश का भी हवाला दिया, जिसमें फुटपाथ पर सुरक्षित आवाजाही को नागरिकों का मौलिक अधिकार बताया गया है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
