मैकेनिक का आरोप- दबंगों ने मारी तलवार,जांच में जुटी पुलिस
बरेली : शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र में खाने का बिल मांगने पर एक ढाबा संचालक पर हमले का मामला सामने आया है। इस दौरान ढाबा संचालक को बचाने पहुंचे मैकेनिक के साथ दबंगों ने मारपीट की, और जान से मारने की धमकी दी। हालांकि, मैकेनिक ने बताया कि कुछ देर बाद दबंग तलबार लेकर पहुंचे, और उन्होंने तलवार से हमला कर दिया। पुलिस ने घायल मैकेनिक का जिला अस्पताल में इलाज कराया। इसके बाद एक नामजद समेत दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर सीबीगंज प्रदीप चतुर्वेदी ने “The justice Hindi” को बताया कि मामला गंभीर है। पीड़ित मैकेनिक की तहरीर पर तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
खाने का बिल मांगने पर किया हमला
दिल्ली-लखनऊ हाईवे के बड़ा बाईपास पर स्थित वाह जी वाह ढाबा है। 19 जून की रात को अवधेश समेत तीन दबंगों ने खाना खाया था। खाने के बाद ढाबे के नौकर ने खाने के बिल के 450 रूपये मांगे थे। मगर, वह बिल देने के बजाय नौकर से बदतमीजी करने लगे। इसके बाद ढाबा संचालक आकाश गंगवार के समझाने की कोशिश की। वह उससे भी भिड़ गए। दबंगों ने ढाबा संचालक के साथ मारपीट की। यह लोग मारपीट करते-करते टायर मैकेनिक की दुकान तक पहुंच गए। यहां मैकेनिक सलीम खां निवासी तिलियापुर ने बचाने की कोशिश की। मगर,दबंगों ने ढाबा संचालक के साथ ही मैकेनिक के साथ भी मारपीट की, और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
कुछ देर बाद लौटे तलवार लेकर, फिर किया हमला
पीड़ित सलीम खां का आरोप है कि अवधेश समेत तीनों दबंग कुछ देर बाद शराब के नशे तलवार लेकर पहुंचे। उन्होंने तलवार से हमला कर दिया। इससे हाथ और पेट पर चोट आई है। यहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने घायल मैकेनिक का इलाज कराया। पुलिस ने घायल मैकेनिक सलीम खां की तरफ से आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
एफआईआर के अनुसार, तिलियापुर निवासी सलीम खां ने थाना सीबीगंज में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी बड़ा बाईपास पर दुकान है। आरोप है कि 18 जून 2026 की रात करीब 1:15 बजे अवधेश और उसके साथ आए दो अन्य लोग ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे। पीड़ित के मुताबिक भोजन करने के बाद जब उनसे बिल का भुगतान मांगा गया तो अवधेश और उसके साथियों ने विवाद शुरू कर दिया। इसी दौरान गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए।
जानें क्या बोले इंस्पेक्टर
एफआईआर में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपियों के हाथ में तलवार भी थी। जिससे वह भयभीत हो गया। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। इंस्पेक्टर सीबीगंज ने मीडिया को बताया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
