अयोध्या : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवाद के बीच पहली बार अयोध्या पहुंचे। यहां आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने राम मंदिर से जुड़े विवाद, राष्ट्रनायकों के सम्मान और विपक्षी दलों पर कई मुद्दों को लेकर अपनी बात रखी।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में वीरांगना झलकारी बाई के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने देश की आजादी के लिए अंग्रेजों को कड़ी चुनौती दी थी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रनायकों और वीरांगनाओं का सम्मान नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति के लिए प्रेरित करता है।उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने महारानी लक्ष्मीबाई, वीरांगना झलकारी बाई, अवंतीबाई और ऊदा देवी पासी जैसी महान हस्तियों के नाम पर विभिन्न योजनाएं और अभियान शुरू किए हैं। साथ ही तीन पीएसी बटालियनों का नाम भी इन वीरांगनाओं के नाम पर रखा गया है, जहां केवल महिलाओं की भर्ती की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1857 के बाद अंग्रेजों ने देश के युवाओं को दबाने का प्रयास किया, लेकिन युवा कभी नहीं झुके। उन्होंने चौरी-चौरा आंदोलन और काकोरी कांड का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं के संघर्ष ने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी और अंततः अंग्रेजों को देश छोड़ना पड़ा।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रस्ट के अनुरोध पर सरकार ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। उन्होंने कहा कि एसआईटी निष्पक्ष जांच करेगी और “दूध का दूध, पानी का पानी” कर देगी।उन्होंने सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि ऐसी कोई टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए जिससे रामभक्तों की भावनाएं आहत हों।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आज रामभक्तों के सम्मान की बात कर रहे हैं, वही अतीत में कारसेवकों पर गोली चलाने के लिए जिम्मेदार रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ जानती है और इतिहास को भुलाया नहीं जा सकता।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान सरकार गरीबों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने शौचालय निर्माण, राशन वितरण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले जिन क्षेत्रों की अनदेखी होती थी, वहां अब विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ दलों की राजनीति केवल परिवार तक सीमित रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार समाज के हर वर्ग के विकास और सम्मान के लिए कार्य कर रही है, जबकि पहले कुछ राजनीतिक दल केवल अपने हितों तक सीमित थे।