आगरा पहुंचकर सपा सांसद रामजीलाल सुमन के नाती को दी श्रद्धांजलि, शोकाकुल परिवार से की मुलाकात
लखनऊ/आगरा : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल में ईवीएम मशीनों से जुड़े मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भाजपा और चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा, “प. बंगाल विधानसभा चुनाव में इस्तेमाल हुई 4000 EVM मशीन का आग में जल जाना, कह रहा है शक़ का फ़साना। बाकी जनता समझदार है।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा शुरू हो गई है।
EVM मामले पर उठाए सवाल

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट के जरिए पश्चिम बंगाल में ईवीएम मशीनों के आग में जलने की घटना को लेकर संदेह व्यक्त किया। हालांकि उन्होंने किसी पर सीधे आरोप नहीं लगाया, लेकिन उनके बयान को चुनावी पारदर्शिता और ईवीएम सुरक्षा को लेकर उठाए गए सवाल के रूप में देखा जा रहा है। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी इस मुद्दे पर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
आगरा में शोक संतप्त परिवार से मिले अखिलेश

राजनीतिक बयान के साथ-साथ अखिलेश यादव शनिवार को आगरा पहुंचे। यहां उन्होंने समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन के नाती के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सांसद के आवास पर पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान रामपुर लोकसभा के सांसद मौलाना मोहिबुल्ला नदवी, पूर्व एमएलसी उदयवीर सिंह, विधायक आशु मलिक समेत प्रमुख लोग मौजूद थे।
परिवार को बंधाया ढांढस

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने परिवार के सदस्यों से बातचीत कर दुख की इस घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
