महिला का आरोप- घर में घुसकर तमंचे के बल पर की वारदात,जांच में जुटी पुलिस
बरेली : यूपी के बरेली देहात के बहेड़ी क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति के दोस्त समेत तीन लोगों पर घर में घुसकर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई न होने के बाद मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से की गई। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने दो नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार, घटना 3 जून की रात की है। उसका पति मजदूरी के सिलसिले में उत्तराखंड के हल्द्वानी गया हुआ था। इसी दौरान पति का परिचित हसनैन अपने साथी कमल हसन और एक अन्य व्यक्ति के साथ उसके घर पहुंचा। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने घर में घुसकर तमंचे के बल पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
विरोध पर जान से मारने की धमकी
महिला का कहना है कि विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी, और मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद उसने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद एसएसपी से गुहार लगाने पर बहेड़ी पुलिस ने हसनैन, कमल हसन और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
