बरेली, बदायूं और शाहजहांपुर ने संयुक्त रूप से हासिल किया पहला स्थान, 61 थाने भी प्रदेश में अव्वल, डीआईजी अजय कुमार साहनी ने जताई खुशी
बरेली : जन शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में बरेली परिक्षेत्र ने एक बार फिर प्रदेश में अपनी कार्यकुशलता का परचम लहराया है। शासन द्वारा संचालित जनसुनवाई समाधान प्रणाली (आईजीआरएस) की मई 2026 की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में बरेली परिक्षेत्र ने उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अजय कुमार साहनी के निर्देशन में प्राप्त हुई है।आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों के प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण के आधार पर जारी रैंकिंग में बरेली परिक्षेत्र प्रदेश में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला परिक्षेत्र बनकर उभरा है। माह मई 2026 की रैंकिंग में परिक्षेत्र के जनपद बरेली, बदायूं और शाहजहांपुर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संयुक्त रूप से प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। प्रदेश में जनपद पीलीभीत को 28वां स्थान प्राप्त हुआ।
61 थानों ने भी हासिल किया प्रदेश में पहला स्थान
बरेली परिक्षेत्र के कुल 61 थानों ने आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संयुक्त रूप से प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जनपद बरेली के 25 थानों, बदायूं के 12 थानों, पीलीभीत के 6 थानों तथा शाहजहांपुर के 18 थानों को इस उपलब्धि में शामिल किया गया है। इन थानों ने शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के मानकों पर बेहतर प्रदर्शन किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को मिलेगा सम्मान
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जन शिकायतों का प्रभावी निस्तारण पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। उन्होंने परिक्षेत्र कार्यालय में आईजीआरएस कार्य से जुड़े उपनिरीक्षक शालू, कंप्यूटर ऑपरेटर अमरेन्द्र कुमार और आरक्षी सलिल सक्सेना को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किए जाने की घोषणा की है।
कमजोर प्रदर्शन वाले थानों की होगी समीक्षा
डीआईजी ने स्पष्ट किया कि जिन जनपदों और थानों का प्रदर्शन अपेक्षानुसार संतोषजनक नहीं रहा है, उनके कार्यों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम भी उठाए जाएंगे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आईजीआरएस प्रणाली के माध्यम से आम जनता की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी और समीक्षा की जा रही है। यही कारण है कि बरेली परिक्षेत्र प्रदेश स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल करने में सफल रहा है।
