दिल्ली से पहुंची ईडी टीम ने सुबह -सुबह की कार्रवाई,पंजाब,दिल्ली -एनसीआर समेत छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
बरेली : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका के तहत बरेली के कारोबारी आशुतोष अग्रवाल के आवास पर छापेमारी की। इस कार्रवाई से शहर के कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि ईडी की यह कार्रवाई एक बड़े वित्तीय लेनदेन और संदिग्ध धन शोधन नेटवर्क की जांच का हिस्सा है। जिसके तहत पंजाब, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कई ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया।।जानकारी के अनुसार दिल्ली से आई ईडी की विशेष टीम मंगलवार सुबह बरेली के मारवाड़ीगंज स्थित कारोबारी आशुतोष अग्रवाल के आवास पर पहुंची। टीम के पहुंचते ही घर के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए और परिवार के सदस्यों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए गए। जांच के दौरान किसी भी तरह की व्यवधान की आशंका को देखते हुए स्थानीय पुलिस बल को भी मौके पर तैनात किया गया। सूत्रों के मुताबिक आशुतोष अग्रवाल शहर के जाने-माने कारोबारी हैं और आई क्रस्ट स्टोर के मालिक होने के साथ-साथ कैडबरी उत्पादों के डीलर भी बताए जाते हैं।
वित्तीय लेनदेन, बैंक खातों, निवेश और कारोबारी दस्तावेजों की गहन जांच
ईडी की टीम उनके वित्तीय लेनदेन, बैंक खातों, निवेश और कारोबारी दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। हालांकि छापेमारी के पीछे के सटीक कारणों को लेकर ईडी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई पंजाब के लुधियाना और जालंधर, दिल्ली-नोएडा तथा बरेली सहित कुल छह स्थानों पर एक साथ चलाए गए तलाशी अभियान का हिस्सा है। जांच एजेंसी उन व्यक्तियों और कंपनियों के आवासीय एवं व्यावसायिक परिसरों की पड़ताल कर रही है, जिनका नाम कथित तौर पर संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों में सामने आया है।
शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म
ईडी की टीम कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है। कार्रवाई देर शाम तक जारी रहने की संभावना जताई जा रही है। शहर में इस छापेमारी को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है, जबकि कारोबारी वर्ग भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।फिलहाल जांच जारी है और ईडी की रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
