बदायूं : न्यायालय सुरक्षा में तैनात एक दरोगा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। दरोगा का शव उनके किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
मामला बदायूं जिले के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित मधुबन कॉलोनी का है। यहां न्यायालय सुरक्षा में तैनात दरोगा मेघ श्याम गौतम पिछले करीब एक वर्ष से किराए के मकान में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम वह ड्यूटी से लौटकर अपने कमरे में चले गए थे। गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसी दौरान परिजनों ने उन्हें कई बार फोन किया, लेकिन उनका मोबाइल रिसीव नहीं हुआ। इससे परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने मकान मालिक से संपर्क किया।
मकान मालिक विकेश राठौर कमरे पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो दरोगा मेघ श्याम गौतम का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक जांच में खिड़की की ग्रिल पर अंगोछे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी अंकिता शर्मा, एसपी सिटी अभिषेक सिंह, सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
रिपोर्ट:आसिम अली
