बरेली : पूर्णिमा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर बरेली पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। एसएसपी अनुराग आर्य ने गूगल मीट के माध्यम से सभी पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और कई अहम निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
घाटों और जलाशयों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

एसएसपी ने निर्देश दिए कि सभी घाटों, नदियों, नहरों और तालाबों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोका जाए और खतरनाक स्थानों पर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए। नाव संचालन पर भी विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर
बैठक में सक्रिय अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ाने और किसी भी घटना पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है।
हुक्का बार, अवैध खनन और नशे के कारोबार पर चलेगा अभियान
एसएसपी ने हुक्का बार, अवैध बूचड़खानों, नशे के कारोबार, गोकशी, अवैध खनन और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध हथियार रखने और तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
